Etihad Flight Update: एतिहाद एयरवेज ने फिर शुरू की उड़ानें, बिना कंफर्म टिकट एयरपोर्ट जाने पर लगी रोक
Gulf और West Asia में मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways) ने अपनी सीमित उड़ानों को फिर से शुरू कर दिया है. एयरलाइन ने 13 मार्च 2026 को अपनी वेबसाइट पर नया अपडेट जारी करते हुए यात्रियों के लिए एक जरूरी ट्रैवल एडवाइजरी दी है. अबू धाबी से भारत के मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु समेत दुनिया भर की करीब 70 जगहों के लिए फ्लाइट्स अभी सीमित रूप से चल रही हैं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नया शेड्यूल 6 मार्च से 19 मार्च 2026 तक लागू रहेगा.
टिकट रीबुकिंग और रिफंड के नए नियम
एतिहाद एयरवेज ने यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए टिकट रीबुकिंग और रिफंड (Refund) के नियमों में कुछ ढील दी है. जिन लोगों की फ्लाइट मौजूदा हालात की वजह से प्रभावित हुई है, वे इन नियमों के तहत अपना काम करा सकते हैं:
- पुराने टिकट: जिन लोगों ने 28 फरवरी 2026 या उससे पहले टिकट लिया था और उनकी यात्रा 21 मार्च 2026 तक तय थी, वे बिना किसी एक्स्ट्रा फीस के 15 मई 2026 तक अपनी फ्लाइट रीबुक कर सकते हैं.
- नए टिकट: 6 मार्च 2026 या उसके बाद लिए गए टिकटों के लिए एयरलाइन ने एक बार डेट चेंज फीस माफ कर दी है. यह छूट 31 मार्च 2027 तक की यात्रा पर लागू होगी, हालांकि किराये का जो भी अंतर होगा वह यात्री को देना पड़ेगा.
- फुल रिफंड: जिन यात्रियों की यात्रा 21 मार्च 2026 या उससे पहले की थी और उन्होंने टिकट का इस्तेमाल नहीं किया है, उन्हें टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाएगा.
एयरपोर्ट जाने से पहले ध्यान रखें ये बातें
अबू धाबी के Zayed International Airport पर अभी सख्त नियम लागू किए गए हैं. भीड़ और सुरक्षा को ठीक से मैनेज करने के लिए सिर्फ कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर जाने दिया जा रहा है. एयरलाइन ने साफ तौर पर कहा है कि जब तक आपके पास कंफर्म बुकिंग न हो या एयरलाइन की तरफ से आपसे संपर्क न किया गया हो, तब तक एयरपोर्ट की तरफ न जाएं.
एतिहाद के अलावा एमिरेट्स, एयर अरेबिया, फ्लाईदुबई, एयर इंडिया और कतर एयरवेज जैसी अन्य बड़ी एयरलाइंस भी अभी अपने शेड्यूल में बदलाव करके उड़ान भर रही हैं. एतिहाद एयरवेज ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा सबसे ऊपर है और अथॉरिटी से क्लीयरेंस मिलते ही हालात सामान्य होने पर रेगुलर उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी.





