Dubai में 10 साल रहने के बाद लौटी भारत, बिना कर्ज की जिंदगी और मां-बाप की सेवा को बताया असली सुकून
केरल की लीबा सुबिन ने दुबई में करीब 10 साल बिताने के बाद अपने परिवार के साथ हमेशा के लिए भारत लौटने का फैसला लिया है। सोशल मीडिया पर उनकी कहानी काफी चर्चा में है जहां उन्होंने विदेश की सुख-सुविधाओं को छोड़कर अपने देश वापसी के 10 बड़े कारण बताए हैं। उनके लिए सबसे बड़ी राहत ‘आर्थिक आजादी’ है, क्योंकि भारत लौटने के बाद उन पर किसी भी तरह का कर्ज या EMI का बोझ नहीं बचा है।
🗞️: Dubai में सड़क पर गड्ढा देख युवक ने की शिकायत, मात्र 4 घंटे में प्रशासन ने रोड कर दिया चकाचक।
किराए के झंझट से मिली मुक्ति और कर्ज फ्री जीवन
लीबा ने बताया कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया, बल्कि महीनों की सोच-विचार के बाद उठाया गया कदम है। उनके दुबई के घर का किराया और वीजा रिन्यूअल की तारीख एक साथ आ गई थी, जिसने उन्हें रुककर सोचने का मौका दिया। भारत लौटने से पहले उन्होंने अपने सिर से होम लोन और बाकी सारे कर्ज उतार दिए थे। केरल में उनका अपना विला 2021 में ही बनकर तैयार हो गया था, जिससे अब उन्हें किराए की चिंता नहीं सताती।
उन्होंने अपनी वापसी से पहले आर्थिक सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया है। उनके पास 6 से 7 महीने का इमरजेंसी फंड मौजूद है। साथ ही परिवार के लिए हेल्थ इंश्योरेंस और बच्चे की पढ़ाई के लिए निवेश (SIP) का भी पहले से प्लान तैयार कर लिया गया था, ताकि भारत आकर पैसों की तंगी न हो। यह ‘जीरो डेट’ लाइफस्टाइल उन्हें मानसिक शांति दे रही है।
बच्चों का स्कूल और माता-पिता का साथ
दुबई में रहने के दौरान उनके बच्चे को स्कूल जाने के लिए सुबह 6 बजे घर छोड़ना पड़ता था और सफर में 90 मिनट लगते थे। केरल में अब उनका स्कूल घर से महज 3 किलोमीटर दूर है, जहां पहुंचने में सिर्फ 10 मिनट लगते हैं। स्कूल का समय भी सुबह 8:30 बजे का है, जिससे बच्चे को ज्यादा आराम मिलता है और वह भारतीय माहौल में आसानी से ढल रहा है।
लीबा का ऑनलाइन बिजनेस है, जिसे वे दुनिया के किसी भी कोने से चला सकती हैं। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की उम्र 70-80 साल के करीब है। इस पड़ाव पर मां-बाप के साथ वक्त बिताना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी और खुशी की बात है। सोशल मीडिया पर कई प्रवासी भारतीयों ने उनके इस कदम की सराहना की है और खुद भी बढ़ते खर्चों के बीच स्वदेश वापसी की इच्छा जताई है।




