अबू धाबी में 1.4 करोड़ दिरहम के सोने की ठगी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
अबू धाबी में एक व्यक्ति ने प्रभावशाली लोगों का नाम लेकर ज्वेलरी स्टोर से 14 मिलियन दिरहम का सोना ठगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोना बरामद किया।

अबू धाबी: राजधानी की पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जिसने एक ज्वेलरी स्टोर के मालिक के साथ करीब 14 मिलियन (1.4 करोड़) दिरहम के सोने के गहनों की बड़ी धोखाधड़ी की। क्रिमिनल सिक्योरिटी सेक्टर ने आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक यह धोखाधड़ी पिछले छह महीनों से चल रही थी। आरोपी ने स्टोर मालिक का भरोसा जीतने के लिए खुद को यूएई के बड़े व्यापारियों और प्रभावशाली हस्तियों का प्रतिनिधि बताया था। इसी झूठ के सहारे उसने पेमेंट बाद में करने के वादे (डेफर्ड पेमेंट इनवॉइस) पर भारी मात्रा में सोने के गहने हासिल किए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने गहने इकट्ठा करने के लिए अपने कुछ साथियों की मदद ली थी। पुलिस के हस्तक्षेप से पहले ही वह काफी मात्रा में सोना बेच चुका था।
पुलिस ने आरोपी को ट्रैक करने के लिए आधुनिक तकनीक, डेटा एनालिसिस और सर्विलांस का इस्तेमाल किया। आखिरकार उसे अबू धाबी में एक रिहायशी प्रॉपर्टी से जुड़े एक एनेक्स (अतिरिक्त कमरे) से गिरफ्तार किया गया। छापे के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में सोने के गहने, इनवॉइस और धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस घटना के बाद अबू धाबी पुलिस ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ज्वेलरी शॉप मालिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने दुकानदारों से आग्रह किया है कि वे किसी भी लेनदेन से पहले अपने ग्राहकों की पहचान और उनकी कानूनी क्षमता की सख्ती से जांच करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि केवल मौखिक वादों या डेफर्ड पेमेंट इनवॉइस पर भरोसा न करें। कीमती सामान तभी दिया जाना चाहिए जब सुरक्षित और स्वीकृत वित्तीय माध्यमों से भुगतान की पुष्टि हो जाए। किसी भी संदिग्ध व्यावसायिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।