पहले टी20 मैच में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 37 रनों से हराया, इजाज और राशिद खेले शानदार
शारजाह में खेले गए पहले टी20 मैच में अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे को 37 रनों से मात दी। इजाज अहमदजई और राशिद खान ने शानदार बल्लेबाजी की।

शारजाह (यूएई): अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में जोरदार शुरुआत की है। मंगलवार रात शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान ने मेहमान टीम को 37 रनों से हरा दिया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 19.1 ओवर में 140 रन पर सिमट गई।
मैच की शुरुआत में अफगानिस्तान की हालत खराब नजर आ रही थी। टीम ने शुरुआती तीन ओवरों में ही तीन विकेट गंवा दिए थे। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 21 गेंदों में 18 रन बनाए, जबकि इब्राहिम जादरान सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए। सिद्दीकुल अटल और मोहम्मद अकरम भी सस्ते में पवेलियन लौट गए, जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 45 रन पर 4 विकेट हो गया था।
मुश्किल समय में शाहिदुल्लाह कमाल ने पारी को संभाला और 42 गेंदों में 46 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। इसके बाद इजाज अहमदजई ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने महज 22 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के लगे। अहमदजई ने 236.36 के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
अंत में राशिद खान ने आतिशबाजी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों में 30 रन कूट दिए। उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए चार छक्के और एक चौका जड़ा। नूर अहमद ने भी 4 गेंदों में 6 रन जोड़े, जिससे अफगानिस्तान की टीम 19.5 ओवर में 177 रनों पर ऑल आउट हुई।
178 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम कोई बड़ी साझेदारी नहीं कर सकी। ब्रायन बेनेट ने 18 गेंदों में 13 रन और बेन कुरन ने 8 गेंदों में 7 रन बनाए। इनोसेंट काइया ने 26 गेंदों में 24 रनों का संघर्ष किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा रन रयान बरल ने बनाए, जिन्होंने 24 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 32 रन जोड़े। कप्तान सिकंदर रजा ने 13 गेंदों में 17 रन बनाए, जबकि वेस्ली मधेवेरे ने 8 गेंदों में 17 रनों की तेज पारी खेली। इन कोशिशों के बावजूद जिम्बाब्वे की पूरी टीम 19.1 ओवर में 140 रन बनाकर आउट हो गई।