प्रवासियों के लुए खुशखबरी, 20 नवंबर से डायरेक्ट फ्लाइट होगा चालू
एयर अरबिया दम्माम 20 नवंबर से दम्माम और दमिश्क के बीच सीधी उड़ान शुरू करेगा। हफ्ते में 4 दिन उड़ानें चलेंगी।

दम्माम: सऊदी अरब की नई नेशनल कैरियर एयरलाइन, एयर अरबिया दम्माम ने प्रवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए दम्माम और सीरिया के दमिश्क के बीच नॉन-स्टॉप फ्लाइट सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। यह सीधी उड़ान सेवा 20 नवंबर 2026 से शुरू होगी, जिससे यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा।
एयरलाइन के मुताबिक, इस रूट पर हफ्ते में चार दिन उड़ानें संचालित की जाएंगी। यात्री सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इन फ्लाइट्स का लाभ उठा सकेंगे। इस सेवा के लिए एयरबस A320 विमानों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें सिंगल-क्लास केबिन और कुल 174 सीटें होंगी।
एयर अरबिया के ग्रुप चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर आदिल अल अली ने बताया कि दमिश्क को नेटवर्क में जोड़ना पूर्वी प्रांत के यात्रियों को भरोसेमंद और किफायती यात्रा विकल्प प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कंपनी सऊदी अरब के भीतर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने नेटवर्क का विस्तार करने के लिए समर्पित है।
दमिश्क एयरलाइन का दूसरा अंतरराष्ट्रीय गंतव्य है। इससे ठीक पहले 19 नवंबर 2026 को जॉर्डन के अम्मान के लिए सेवा शुरू की गई थी। इस नए रूट पर यात्रियों को 'स्काईटाइम' इन-फ्लाइट स्ट्रीमिंग, 'स्काईकैफे' डाइनिंग मेनू और 'एयर रिवॉर्ड्स' लॉयल्टी प्रोग्राम की सुविधाएं मिलेंगी।
इन फ्लाइट्स की बुकिंग एयर अरबिया की वेबसाइट, कॉल सेंटर और अधिकृत ट्रैवल एजेंसियों के जरिए शुरू हो चुकी है। बता दें कि कंपनी को सितंबर 2026 में जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) से एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (AOC) मिला था, जिसके बाद ये ऑपरेशन्स संभव हो पाए हैं। 20 नवंबर से शुरू होने वाली यह डायरेक्ट फ्लाइट प्रवासियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगी।