उड़ान भरते ही एयर इंडिया फ्लाइट के इंजन में लगी आग, एटीसी ने घोषित की फुल इमरजेंसी, DGCA करेगा जांच

Vandana Upadhyay2 September 20251 min read32 viewsIndia

रविवार को दिल्ली से इंदौर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2913) को टेकऑफ के कुछ देर बाद ही आपात स्थिति का सामना करना पड़ा। विमान के दाहिने इंजन (इंजन नंबर-2) में आग की चेतावनी मिलने पर पायलटों ने तुरंत “मेडे” कॉल घोषित की और आपात लैंडिंग के लिए दिल्ली हवाई अड्डे पर वापसी की।

सूत्रों के मुताबिक, पायलट के अलर्ट के बाद दिल्ली एटीसी ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी और फायर व रेस्क्यू टीम को स्टैंडबाय पर रखा गया। लगभग 30 मिनट हवा में रहने के बाद विमान सुरक्षित रूप से वापस दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। एयर इंडिया ने पुष्टि की कि सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित उतर गए। यात्रियों को आगे इंदौर भेजने के लिए एयरलाइन ने एक अन्य विमान की व्यवस्था की।

इस घटना के बाद संबंधित विमान को ग्राउंड कर दिया गया है और विस्तृत इंजीनियरिंग जांच की जा रही है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) मामले की समीक्षा करेगा, हालांकि अभी तक उसकी ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

एयर इंडिया ने हाल ही में अपने विमानों की सुरक्षा जांच को और सख्त किया है। खासकर 12 जून की अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद, जिसमें लंदन के गैटविक जा रहा ड्रीमलाइनर क्रैश हो गया था। इस फ्लाइट में मौजूद 242 में से 241 यात्रियों तथा जमीन पर मौजूद कई लोगों की मौत हुई थी।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin
Share:

Comments

Leave a comment