अल मुतला कंस्ट्रक्शन साइट पर गार्ड की हत्या, आरोपी बांग्लादेशी गिरफ्तार
कुवैत पुलिस ने अल मुतला निर्माण स्थल पर सुरक्षा गार्ड की हत्या के आरोप में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है।

कुवैत: अल मुतला स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर सुरक्षा गार्ड की बेरहमी से हत्या के मामले में कुवैत की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शव मिलने के 24 घंटे के भीतर की गई है।
मामला शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 की सुबह का है, जब अधिकारियों को एक निर्माणाधीन संपत्ति की छत पर सुरक्षा गार्ड का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पब्लिक सिक्योरिटी सेक्टर के समन्वय से क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) के जहरा जांच विभाग ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी भी उसी साइट पर सुरक्षा गार्ड था, लेकिन घटना से ठीक एक दिन पहले उसकी नौकरी खत्म कर दी गई थी। आरोपी ने पहले खुद को शरक पुलिस स्टेशन में सरेंडर किया था। उसने पुलिस को बताया कि उसका रेजिडेंसी वीजा एक्सपायर हो गया है, ताकि उसे डिपोर्ट किया जा सके और वह हत्या के मामले में पकड़े जाने से बच सके।
हालांकि, जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसकी मृतक गार्ड से विवाद था, क्योंकि उसी व्यक्ति ने उसकी जगह नौकरी संभाली थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने लकड़ी के टुकड़े और चाकू से हमला कर गार्ड की जान ले ली।
इंटीरियर मिनिस्ट्री ने पुष्टि की है कि आरोपी के खिलाफ जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं, जिसके बाद उसे सक्षम अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।