अमेरिका का कनाडा पर बड़ा एक्शन, डेयरी प्रोडक्ट और शराब पर बैन, 29 सितंबर से नया नियम लागू

अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने कनाडा से आने वाले कई सामानों पर प्रतिबंध लगाने का कड़ा फैसला लिया है। इस नए आदेश के बाद अब कनाडा से आने वाले डेयरी प्रोडक्ट, शराब और मोटरसाइकिलों पर रोक लगा दी जाएगी। यह बड़ा प्रतिबंध आगामी 29 सितंबर से देश भर में पूरी तरह लागू हो जाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह कदम तब उठाया जब कनाडा की तरफ से अमेरिकी सामानों पर 50 प्रतिशत तक का भारी भरकम जवाबी टैरिफ लगाया गया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव काफी बढ़ गया है।
किन उत्पादों पर लगेगी रोक और क्या है नियम
व्हाइट हाउस की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक इस आदेश के तहत कनाडा से आने वाली वाइन, शराब और अल्कोहल-फ्री बीयर पर पूरी तरह से रोक लगा दी जाएगी। इसके अलावा दूध से बने कुछ खास उत्पाद भी अब अमेरिका के बाजारों में नहीं आ सकेंगे। एक्सिओस की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने इस बात का खास ध्यान रखा है कि प्रतिबंध को एक निश्चित दायरे में रखा जाए, ताकि आम अमेरिकी नागरिकों के लिए रोजमर्रा के सामानों की कीमतें अचानक आसमान न छूने लगें। हालांकि दशकों से आपस में जुड़े व्यापारिक रिश्तों के बीच इस तरह की आर्थिक दरार आने से सीमा के दोनों तरफ के व्यापारियों और उपभोक्ताओं के सामने बड़ी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
पुराने कानून का हो रहा है इस्तेमाल
राष्ट्रपति ट्रंप ने साल 1930 के टैरिफ एक्ट की धारा 338 के तहत इन नए और कड़े प्रतिबंधों को लागू किया है। यह पुराना कानून देश के राष्ट्रपति को इस बात की पूरी अनुमति देता है कि वह ऐसे देशों से आयात पर रोक लगा सकते हैं जो अमेरिकी व्यापार के खिलाफ किसी भी तरह का भेदभाव करते हैं या उसे बढ़ावा देते हैं। इसके अलावा व्हाइट हाउस ने यह भी स्पष्ट किया है कि 15 सितंबर से दर्जनों अन्य कनाडाई उत्पादों पर भी मौजूदा 50 प्रतिशत टैरिफ का दायरा बढ़ा दिया जाएगा, जिसमें स्टील और एल्यूमीनियम का सामान, फर्नीचर और कागज जैसी चीजें शामिल हैं।
व्यापारिक तनाव और आगे की चेतावनी
बीते महीने अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार को लेकर चल रही बातचीत अचानक टूट गई थी, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव लगातार गहराता जा रहा है। अमेरिका ने पहले कनाडा के लगभग 20 अरब डॉलर के सामान पर 50 प्रतिशत का टैरिफ लगाया था, जिसके जवाब में कनाडा ने भी अमेरिकी सामानों पर ठीक उतना ही टैक्स लगा दिया। इन सबके बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी धमकी दी है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो वह अगले साल से कनाडा से आने वाली गाड़ियों पर और भी ज्यादा टैक्स लगा देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कनाडाई विमान कंपनी बॉम्बार्डियर को भी अमेरिका में अपने जेट बेचने से रोकने की बात कही है।