नई दिल्ली में अमित शाह नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुंग से मिले

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुंग से मुलाकात की। यह बैठक नई दिल्ली में हुए बिम्सटेक गृह मंत्रियों की पहली बैठक के दौरान हुई। अमित शाह नेपाल के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अमित शाह ने एक्स पर लिखा, "नई दिल्ली में बिम्सटेक गृह मंत्रियों की पहली बैठक के दौरान नेपाल के गृह मंत्री सुधन गुरुंग से मिलकर खुशी हुई। हमने द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने और भारत और नेपाल के करीबी रिश्तों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि हमारे क्षेत्र में शांति, प्रगति और समृद्धि बनी रहे।"
नेपाली दूतावास ने एक्स पर बताया कि गुरुंग ने अगस्त में काठमांडू में आई भीषण बाढ़ के बाद भारत की समय पर मिली मदद के लिए आभार जताया। दूतावास के मुताबिक, बैठक में द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग, सीमा प्रबंधन, सीमा पार अपराध से निपटने और आपदा की तैयारी व प्रतिक्रिया पर चर्चा हुई। गुरुंग ने नेपाल में हाल की बाढ़ और भूस्खलन के दौरान मिली भारतीय सहायता की सराहना की।
उसी दिन बिम्सटेक गृह मंत्रियों ने नई दिल्ली में हुई पहली बैठक के बाद एक संयुक्त घोषणापत्र अपनाया। गृह मंत्रालय के अनुसार, इसमें सीमा पार आतंकवाद, आतंकी वित्तपोषण, कट्टरपंथ, नशे और मानव तस्करी, साइबर अपराध और संगठित अपराध से मिलकर निपटने पर जोर दिया गया। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ऑनलाइन घोटालों में फंसे मानव तस्करी के पीड़ितों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक में सदस्य देशों के गृह मंत्रियों ने पांच प्रमुख समझौतों और कार्ययोजनाओं को मंजूरी दी। इनमें मानव तस्करी रोकने के लिए बिम्सटेक कन्वेंशन, नशीले पदार्थों की रोकथाम पर कार्ययोजना और मनी लॉन्ड्रिंग व आतंकी वित्तपोषण से निपटने की क्षमता बढ़ाने पर समझौता ज्ञापन शामिल हैं। इसके अलावा अवैध वित्तीय प्रवाह की रोकथाम पर कार्ययोजना को भी स्वीकृति मिली।