अररिया में नेपाल से तस्करी कर लाया गया 481 किलो गांजा जब्त और एक युवक गिरफ्तार

अररिया: जिले की कुर्साकांटा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप गाड़ी से करीब 481 किलो गांजा बरामद किया है। यह गांजा नेपाल से तस्करी कर लाया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कुर्साकांटा बाजार में बोलेरो पिकअप संख्या बीआर11जीजी 4119 की तलाशी ली। गाड़ी की जांच के दौरान उसमें से गांजे के कुल 19 बंडल मिले। जब बरामद गांजे का वजन किया गया तो वह कुल 480 किलो 800 ग्राम निकला।
इस मामले में पुलिस ने सिकटी थाना क्षेत्र के उफरैल चौक निवासी 26 वर्षीय सचिन कुमार को गिरफ्तार किया है। वह शिवचरण कुमार का पुत्र है। पुलिस ने कुर्साकांटा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 171/26 दर्ज किया है।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने गुरुवार शाम को प्रेस वार्ता के दौरान इस पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। छापामारी करने वाली टीम में कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार, एसआई अभिषेक नारायण ज्योति, विकास कुमार और थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।