अररिया में एसएसबी और कुआड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर नेपाल से तस्करी कर लाए गए 11 मवेशियों को पकड़ा
अररिया के कुआड़ी बॉर्डर पर एसएसबी और पुलिस ने नेपाल से तस्करी कर लाए गए 11 मवेशियों को पकड़ा। तस्कर मौके से फरार हो गए।

अररिया: एसएसबी की 52वीं बटालियन और कुआड़ी थाना पुलिस ने रविवार को एक साझा अभियान चलाकर नेपाल से तस्करी कर भारतीय सीमा में लाए गए 11 मवेशियों को जब्त किया है। यह कार्रवाई भारत और नेपाल सीमा पर स्थित शीशाबाड़ी गांव के पास की गई। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के दौरान कोई भी तस्कर पुलिस या एसएसबी के हाथ नहीं लगा और सभी फरार हो गए।
पकड़े गए मवेशियों में 10 बैल और एक गाय शामिल है। एसएसबी 52वीं वाहिनी के कैंप कमांडर विश्वनाथ घोष ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर नेपाल से मवेशियों का एक बड़ा झुंड भारतीय इलाके में लाने की फिराक में हैं।
इस सूचना के बाद कुआड़ी सीमा चौकी के एसएसबी जवानों और स्थानीय पुलिस की टीम ने शीशाबाड़ी गांव के आसपास गश्ती और सघन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान टीम को मवेशियों का झुंड मिला, लेकिन वहां कोई इंसान मौजूद नहीं था।
संयुक्त टीम ने इलाके के लोगों से मवेशियों के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद सभी मवेशियों को जब्त कर कुआड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब इस मामले की आगे की जांच कर रही है।
इस अभियान में एसएसबी की ओर से सहायक उप निरीक्षक इंदर सिंह, मुख्य आरक्षी आलोक कुमार और आरक्षी रमेश कुमार शामिल थे। वहीं कुआड़ी पुलिस की तरफ से पीटीसी सुजीत कुमार, होमगार्ड जवान वीरेंद्र कुमार मंडल, जितेंद्र कुमार सिंह और महिला आरक्षी भारती कुमारी सहित अन्य जवान मौजूद रहे।