सऊदी अरब के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत और आठ लोग घायल हुए

दम्माम: सऊदी अरब के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम को हुए एक हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की है।
अथॉरिटी के मुताबिक घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल एयरपोर्ट परिसर में हुए संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ईरान समर्थित हूती समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। सैन्य प्रवक्ता याह्या सारे ने दावा किया कि उनके हमलों ने सीधे तौर पर एयरपोर्ट को निशाना बनाया, जिससे क्षेत्रीय हवाई यातायात प्रभावित हुआ। फ्लाइट-ट्रैकिंग सर्विस Flightradar24 ने भी बताया कि हमले के बाद विमानों को एयरपोर्ट से हटाकर दूसरी जगहों पर भेजा गया।
क्षेत्र में तनाव के बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने पूर्वी प्रांत में चार ड्रोन को मार गिराने की जानकारी दी है। इसी शाम सऊदी अरामको के शैबा तेल क्षेत्र में भी एक ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया, जिसके मलबे की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
नागरिक बुनियादी ढांचे और हवाई अड्डों पर बढ़ते खतरों को देखते हुए अमेरिका के विदेश विभाग ने एक आदेश जारी किया है। इसके तहत सऊदी अरब में रहने वाले सभी गैर-आपातकालीन अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को तुरंत देश छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।