यूएई की कंपनी अजीजी डेवलपमेंट्स दुबई और शारजाह में 31 हजार से ज्यादा मजदूरों के लिए आधुनिक हाउसिंग कम्युनिटी बनाएगी

दुबई: यूएई की प्राइवेट रियल एस्टेट कंपनी अजीजी डेवलपमेंट्स ने दुबई और शारजाह में मजदूरों के लिए बड़े पैमाने पर हाउसिंग कम्युनिटी बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस पूरी परियोजना के पूरा होने के बाद यहां 31 हजार से ज्यादा कर्मचारी रह सकेंगे।
सबसे बड़ा प्रोजेक्ट शारजाह के अल सजा में बनाया जा रहा है, जहां 20 हजार से अधिक लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। इस साइट पर 36 आवासीय इमारतें, चार नेबरहुड हब, पांच मेडिकल क्लिनिक, एक फार्मेसी और एक सेंट्रल सुपरमार्केट बनाया जाएगा।
शारजाह में ही 18,945 वर्ग फुट का एक ट्रेनिंग और कम्युनिटी सेंटर भी होगा, जहां सुरक्षा और तकनीकी प्रोग्राम के लिए 400 से ज्यादा लोग जुट सकेंगे। यहां 155 वाहनों के लिए बस बे बनाए गए हैं, जिन्हें कंपनी की 500 से ज्यादा बसों के बेड़े से जोड़ा जाएगा।
यह कम्युनिटी अजीजी की अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के पास स्थित है, जिनमें जॉइनरी, एल्युमीनियम और मार्बल जैसी फैक्ट्रियां शामिल हैं। कंपनी का मकसद मजदूरों के आने-जाने के समय को कम करना, उनकी थकान घटाना और सुरक्षा बढ़ाना है।
दुबई के जेबेल अली इंडस्ट्रियल 1 में दो आवास केंद्र बनाए जा रहे हैं, जो 1.37 लाख वर्ग मीटर में फैले होंगे। यहां 9,700 से ज्यादा मजदूरों के रहने की जगह होगी, जिसमें जिम, मेडिकल क्लिनिक, रिक्रिएशन लाउंज और किचन की सुविधाएं मिलेंगी।
जेबेल अली में काम शुरू हो चुका है, जबकि अल सजा में साइट की तैयारी अक्टूबर 2026 के अंत तक शुरू होगी। इस पूरे प्रोजेक्ट को चरणों में पूरा कर 2027 के अंत तक हैंडओवर करने की योजना है।
अजीजी ग्रुप के सीईओ फरहाद अजीजी ने बताया कि यह पहल कर्मचारियों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मेडिकल केयर और ट्रेनिंग एकेडमी जैसी सुविधाओं के साथ यह प्रोजेक्ट रहने के स्तर को बेहतर बनाएगा।
कंपनी अब तक 45 हजार से ज्यादा घर बना चुकी है और फिलहाल करीब 1.5 लाख यूनिट्स का निर्माण कार्य चल रहा है।