बहरीन में एक ड्रोन हमला हुआ जिसमें 32 लोग घायल हो गए. बहरीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि यह हमला सितरा स्थित Bapco रिफाइनरी पर किया गया. घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल हैं और कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. अल जज़ीरा ने अपनी रिपोर्ट में अमेरिकी सेना के हवाले से इसे ईरानी ड्रोन हमला बताया, लेकिन अमेरिकी सेना की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया.
हमले में घायलों की जानकारी
बहरीन के स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार इस ड्रोन हमले में 32 बहरीनी नागरिक घायल हुए हैं. घायल लोगों में से चार की स्थिति काफी गंभीर है. इन गंभीर मामलों में एक 17 साल की लड़की शामिल है जिसके सिर और आंख में चोट आई है. इसके अलावा 7 और 8 साल के दो लड़कों के पैर में चोट लगी है. इस हमले में एक 2 महीने का छोटा बच्चा भी घायल हुआ है जिसका इलाज चल रहा है.
Bapco रिफाइनरी का ऑपरेशन प्रभावित
सितरा स्थित Bapco रिफाइनरी पर हुए इस हमले के बाद कंपनी ने अपने प्रभावित काम पर ‘फोर्स मेज्योर’ (force majeure) लागू कर दिया है. इस रिफाइनरी की कुल क्षमता 2,67,000 बैरल प्रतिदिन है और यहां 14 मिलियन बैरल तेल स्टोर करने की जगह मौजूद है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि पैट्रियट मिसाइल की खराबी के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हो सकी.