ईरान में आतंकियों को फंड देने वाले को बहरीन में उम्रकैद, करोड़ों की संपत्ति जब्त
बहरीन की अदालत ने आतंकवाद को वित्तपोषित करने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में मुख्य आरोपी को उम्रकैद और भारी जुर्माने की सजा सुनाई है।

बहरीन: बहरीन की अदालत ने आतंकवादियों को वित्तपोषित करने और बिना लाइसेंस के बैंकिंग सेवाएं चलाने के गंभीर आरोपों में एक मुख्य आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 1 लाख बहरीनी दीनार का जुर्माना भी लगाया है।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने 2 करोड़ 16 लाख बहरीनी दीनार से अधिक की राशि जब्त करने का आदेश दिया है। यह रकम अपराध से जुड़ी पाई गई है।
मुख्य आरोपी को मनी लॉन्ड्रिंग के अलग आरोपों में सात साल की अतिरिक्त जेल और 1 लाख बहरीनी दीनार के जुर्माने की सजा मिली है। मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों से जुड़ी 4 लाख 8 हजार बहरीनी दीनार से अधिक की संपत्ति को भी जब्त कर लिया गया है।
इस केस में शामिल दो अन्य आरोपियों को बिना लाइसेंस के एक्सचेंज गतिविधियों में शामिल होने के कारण तीन-तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई है।
अदालत ने आदेश दिया है कि इन सभी व्यक्तियों द्वारा किए गए अपराधों से संबंधित सभी फंड को जब्त कर लिया जाए।