बांग्लादेश में दुर्गा पूजा पर तीन दिन की छुट्टी, कर्मचारियों को मिलेगा 5 दिनों का ब्रेक

बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने पूजा के उपलक्ष्य में तीन दिनों के अवकाश की घोषणा की है, जिससे सरकारी दफ्तरों में कामकाज बंद रहेगा। खास बात यह है कि इन छुट्टियों और वीकेंड के मिलने से कर्मचारियों को लगातार पांच दिनों की लंबी छुट्टी मिलने वाली है।
सरकार द्वारा सोमवार को जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, दुर्गा पूजा के लिए 20, 21 और 22 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। चूंकि 23 और 24 अक्टूबर को शुक्रवार और शनिवार का वीकेंड है, इसलिए सरकारी कर्मचारियों को 20 अक्टूबर से लेकर 24 अक्टूबर तक कुल पांच दिनों का अवकाश मिलेगा।
छुट्टियों के शेड्यूल में हुआ बदलाव
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने छुट्टियों की तारीखों में कुछ बदलाव किए हैं। इस नए शेड्यूल के तहत 17 अक्टूबर (शनिवार) को सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे, ताकि बाद में मिलने वाली लंबी छुट्टी के दौरान काम का संतुलन बना रहे।
इसके अलावा, बांग्लादेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब हर साल 7 नवंबर को 'राष्ट्रीय क्रांति और एकजुटता दिवस' के रूप में मनाया जाएगा और इस दिन पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।