बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान ने जापान से ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की मांग की
बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान और जापान की पीएम सनाए ताकाइची ने टोक्यो में मुलाकात कर ऊर्जा, तकनीक और बुनियादी ढांचे में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

टोक्यो: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान और जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बीच मंगलवार को टोक्यो में एक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन हुआ। इस बैठक में दोनों नेताओं ने बांग्लादेश और जापान के बीच पुराने और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में बताया कि दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान और बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने जापान सरकार और वहां की निजी कंपनियों से बांग्लादेश के आर्थिक विकास, तकनीकी प्रगति और औद्योगिकीकरण के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अधिक सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार बांग्लादेश को आर्थिक, तकनीकी और विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।
प्रधानमंत्री रहमान ने कहा कि 2030 तक बांग्लादेश दुनिया की 9वीं सबसे बड़ी उपभोक्ता अर्थव्यवस्था बन सकता है और 2034 तक उसकी जीडीपी एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक होने का अनुमान है। उन्होंने यह भी कहा कि जापान जापानि लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान रखता है और 1971 में आजादी के बाद बांग्लादेश को मान्यता देने वाले पहले देशों में से एक था।
उन्होंने अपने पिता, शहीद राष्ट्रपति जियाउर रहमान और अपनी माता, पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि वह उनके नक्शेकदम पर चलते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दे पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कहा कि आर्थिक विकास को बनाए रखने के लिए विश्वसनीय और सस्ती ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने 'पार्टनरशिप फॉर पावर एशिया' पहल के तहत जापान द्वारा दिए गए 50 अरब जापानी येन के आपातकालीन सहायता ऋण के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने जापान से एलएनजी (LNG) बुनियादी ढांचे, कुशल बिजली उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में अधिक निवेश और भागीदारी की मांग की।
तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रधानमंत्री रहमान ने 'बांग्लादेश-जापान टेक पार्क' बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इस पार्क के जरिए जापानी कंपनियों, विश्वविद्यालयों और निवेशकों को बांग्लादेश की युवा प्रतिभाओं और कुशल कार्यबल से जोड़ा जाएगा। इस टेक पार्क में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग, रोबोटिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट इंजीनियरिंग और संबंधित तकनीकों में जापान की उन्नत क्षमताओं के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।
आर्थिक विकास को तेज करने के लिए उन्होंने एक आधुनिक और एकीकृत संचार बुनियादी ढांचे की योजना साझा की। उन्होंने देश के छह प्रमुख विभागीय शहरों को जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल नेटवर्क और देशव्यापी एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाने की योजना बताई। प्रधानमंत्री ने इन मेगा-इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए जापान से योजना बनाने, तकनीकी सहायता, और निवेश व वित्तपोषण में सहयोग मांगा।