बांग्लादेश में राजनीतिक भूचाल चालू, बड़े मंत्री हिरासत में
शेख हसीना की वापसी की खबरों के बीच बांग्लादेश में तनाव बढ़ा। पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद हिरासत में, BGB तैनात।

ढाका: शेख हसीना के दिसंबर में वापस लौटने की योजना के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक भूचाल मच गया है। इस तनावपूर्ण माहौल में पुलिस ने पूर्व शिक्षा मंत्री और अवामी लीग के वरिष्ठ नेता नुरुल इस्लाम नाहिद को हिरासत में लिया है। उन्हें गुरुवार तड़के करीब 2:20 बजे ढाका के उत्तारा सेक्टर 3 स्थित एक आवास से पकड़ा गया।
राजनीतिक कार्रवाई के इस दौर में अभिनेत्री ज्योतिका ज्योति को भी उनके उत्तारा स्थित आवास से हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक उनकी गिरफ्तारी से जुड़े मामले का खुलासा नहीं किया है।
देश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग वर्तमान में प्रतिबंधित है, लेकिन इसके नेता और कार्यकर्ता अब भी अलग-अलग जगहों पर सक्रिय हैं और अचानक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इन गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ अन्य सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
देशभर में छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें बीएनपी (BNP) नेता भी हमलों का शिकार हुए हैं। पिछले तीन दिनों में फरीदपुर, पीरोजपुर और नराइल में अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें नराइल में दो लोग मारे गए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 96 प्लाटून तैनात की गई हैं। ये बल ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह और फरीदपुर जिलों में तैनात हैं।
BGB के एक बयान के मुताबिक, ढाका में 23, गोपालगंज में 27, गाजीपुर और चटगांव में 15-15, नारायणगंज में 6, मयमनसिंह में 2 और फरीदपुर में 3 प्लाटून तैनात की गई हैं। इसके अलावा 5 प्लाटून स्टैंडबाय पर रखी गई हैं। सुरक्षा बल ड्रोन और बॉडी-वर्न कैमरों के जरिए स्थिति की चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर BGB सदस्य औद्योगिक क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा बढ़ा रहे हैं। यह पूरी हलचल उस समय हो रही है जब राजनीतिक गलियारों में शेख हसीना की वापसी की चर्चाओं ने तनाव बढ़ा दिया है।