हैदराबाद: शेखपेट से बांग्लादेशी महिला और उसका पार्टनर ड्रग्स के साथ गिरफ्तार
हैदराबाद पुलिस ने ड्रग पेडलिंग के आरोप में एक बांग्लादेशी महिला और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सिंथेटिक ड्रग्स बरामद हुए हैं।

हैदराबाद (तेलंगाना): तेलंगाना की ईगल फोर्स और साइबरबाद कमिश्नरेट की रायदुर्गम पुलिस ने ड्रग पेडलिंग के आरोप में एक बांग्लादेशी महिला और उसके लिव-इन पार्टनर को शेखपेट से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सिंथेटिक ड्रग्स और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान 30 वर्षीय अल्फा (नाम बदला हुआ) के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश की राजधानी ढाका की रहने वाली है। वह दिसंबर 2021 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। पुलिस का आरोप है कि नौकरी न मिलने पर वह फेसबुक के जरिए एक व्यक्ति के संपर्क में आई, जिसने उसे देह व्यापार के जाल में फंसाया।
जांच में सामने आया कि महिला चेन्नई और हैदराबाद के ब्रोकरों के संपर्क में थी, जो उसे ग्राहकों की जानकारी देते थे। उनके बताए अनुसार वह नागपुर, कानपुर, विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम, भुवनेश्वर, गोवा और मुंबई जैसे शहरों में गई। इसी दौरान 2021 में उसकी मुलाकात हैदराबाद के एक निजी कर्मचारी श्याम राव (35) से हुई और दोनों शेखपेट में साथ रहने लगे।
पुलिस ने आरोप लगाया कि महिला ने श्याम राव की जानकारी के बिना अपनी गतिविधियां जारी रखीं और बाद में वह सिंथेटिक ड्रग्स की आदी हो गई। वह गोवा के एक सप्लायर आकाश के संपर्क में थी, जो फिलहाल फरार है। वह गोवा और हैदराबाद में 'डेड ड्रॉप्स' के जरिए उससे ड्रग्स खरीदती थी और अपने परिचितों व ग्राहकों को सप्लाई करती थी।
पुलिस के अनुसार, महिला ने फर्जी नाम से आधार और पैन कार्ड बनवाए थे और उसी नाम से एक बैंक खाता खोला था। इस खाते का इस्तेमाल ड्रग्स से जुड़े लेन-देन और कमाई जमा करने के लिए किया जा रहा था।
सूचना मिली थी कि महिला गोवा से ड्रग्स लेकर आई है, जिसके बाद ईगल फोर्स और रायदुर्गम पुलिस ने शेखपेट के पोचम्मा बस्ती स्थित उसके घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से एक ग्राम सिंथेटिक ड्रग मिला और दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। ईगल फोर्स ने जनता से अपील की है कि ड्रग पेडलर्स और तस्करी नेटवर्क की जानकारी टोल-फ्री नंबर 1908 या व्हाट्सएप नंबर 8712671111 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।