Pre-COP चर्चा के लिए फिजी पहुंचे केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, उठाएंगे भारत की आवाज

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव मंगलवार को फिजी के नाडी पहुंचे। वे वहां ऑस्ट्रेलिया और फिजी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित Pre-COP चर्चाओं में हिस्सा लेने गए हैं। यह महत्वपूर्ण बैठक अगले महीने तुर्किये में होने वाले COP31 सम्मेलन की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
मंत्री भूपेंद्र यादव इस यात्रा के दौरान विभिन्न द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों में शामिल होंगे। इन चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य COP31 के एजेंडे से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण स्पष्ट करना और वैश्विक मंच पर देश का पक्ष मजबूती से रखना है।
जलवायु परिवर्तन पर भारत की लीडरशिप पर जोर
अपनी यात्रा की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए भूपेंद्र यादव ने बताया कि वे अगले कुछ दिनों तक चलने वाली इन चर्चाओं में भारत के विचारों को सामने रखेंगे। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का जिक्र किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी घरेलू नीतियों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लड़ाई में एक वैश्विक लीडर के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
गौरतलब है कि इस दौरे से पहले पिछले महीने दिल्ली में भूपेंद्र यादव की मुलाकात ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा मंत्री क्रिस बोवेन से हुई थी। बोवेन, जो UNFCCC ढांचे के तहत COP31 वार्ताओं के अध्यक्ष भी हैं, के साथ उन्होंने फिजी और तुर्किये में होने वाली बैठकों की प्राथमिकताओं पर चर्चा की थी।
इस दौरान भारत की 'सफलता की कहानियों' और पिछले दस वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाए गए कदमों पर जोर दिया गया। वहीं, क्रिस बोवेन ने भी भारत को वैश्विक जलवायु और ऊर्जा नीति को दिशा देने वाली एक अनिवार्य आवाज बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने यह साबित कर दिया है कि स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने से न केवल पर्यावरण बचता है, बल्कि आर्थिक समृद्धि भी आती है।