सड़क हादसे में घायल जिप प्रतिनिधि भूषण पासवान की नेपाल में मौत
सुपौल के जिला परिषद प्रतिनिधि भूषण पासवान की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान नेपाल में मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुपौल: छातापुर प्रखंड के मोहम्मदगंज पंचायत निवासी जिला परिषद प्रतिनिधि भूषण पासवान की गुरुवार देर रात नेपाल के एक न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 45 वर्षीय भूषण पासवान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेपाल रेफर किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, करीब आठ दिन पहले भूषण पासवान ग्वालपाड़ा पंचायत से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे उनकी बाइक की दूसरी बाइक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत छातापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें नेपाल स्थित न्यूरो अस्पताल भेजने की सलाह दी।
परिजनों ने उन्हें नेपाल पहुंचाया, जहां पिछले आठ दिनों से उनका इलाज चल रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि वे स्वस्थ होकर लौटेंगे, लेकिन गुरुवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
भूषण पासवान क्षेत्र में जिला परिषद सदस्य के प्रतिनिधि के तौर पर सक्रिय थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे पंचायत सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
छातापुर थानाध्यक्ष युगल किशोर ने शनिवार दोपहर को बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।