भूटान ने पीएम मोदी के सम्मान में समर्पित किया 'स्तूप 76', भारत-भूटान दोस्ती की नई मिसाल
भूटान के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में 108 स्तूप बनाए गए, जिनमें से स्तूप 76 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित किया गया है।

नई दिल्ली: भूटान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और भारत-भूटान की दोस्ती को मजबूत करने की उनकी प्रतिबद्धता के सम्मान में 'स्तूप 76' को उन्हें समर्पित किया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस कदम को भारत के लिए एक बहुत बड़ा सम्मान बताया है।
रिजिजू भूटान के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी में आयोजित एक पवित्र समारोह में शामिल हुए। यह कार्यक्रम 'ल्हाबाब डुचेन' के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें 108 बौद्ध स्तूपों (जिन्हें जंगचब चोर्टेंस भी कहा जाता है) की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा की गई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए किरेन रिजिजू ने बताया कि उन्हें डूंगचेंस की गूंज के बीच इन 108 स्तूपों के निर्माण के पवित्र समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिला। इस मौके पर भूटान के राजा, महारानी ग्याल्ट्सुएन, प्रधानमंत्री दाशो त्शेरिंग तोबगे और बड़ी संख्या में भूटान के नागरिक मौजूद थे।
रिजिजू ने कहा कि भारत और भूटान के बीच आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों के प्रतीक के रूप में स्तूप 76 को पीएम मोदी को समर्पित करने के लिए वे भूटान के राजा के आभारी हैं।
इस दौरान रिजिजू ने गेलेफू में राजा के साथ शाही मुलाकात भी की। उन्होंने भूटान के राजा को प्रधानमंत्री मोदी का अभिवादन सौंपा और द्विपक्षीय साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इन 108 बौद्ध स्तूपों का निर्माण एक विशेष अभियान के तहत किया गया। 1 नवंबर 2026 को आधी रात के बाद काम शुरू हुआ और 40 हजार से अधिक स्वयंसेवकों, भिक्षुओं और कारीगरों की मदद से मात्र छह घंटे में इन सभी स्तूपों को तैयार कर लिया गया।