बलूचिस्तान में सेना की कार्रवाई: 5000 लोग पुश्तैनी घरों से बेदखल
BNM की रिपोर्ट के मुताबिक बलूचिस्तान में सैन्य कार्रवाई के बाद हजारों लोगों को उनके पुश्तैनी घरों से बेदखल किया गया है।

क्वेटा (पाकिस्तान): बलूच नेशनल मूवमेंट (BNM) की एक नई रिपोर्ट में पाकिस्तान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बलूचिस्तान प्रांत में सैन्य अभियानों, सामूहिक हिरासत और जरूरी सामान की आपूर्ति पर पाबंदी के कारण करीब 5,000 बलूच निवासियों को उनके पुश्तैनी घरों से जबरन बेदखल कर दिया गया है।
BNM के मानवाधिकार विभाग 'पांक' (Paank) द्वारा जारी इस रिपोर्ट में ग्वादर जिले की पसनी तहसील के शादी कौर इलाके का जिक्र है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 11 और 12 जुलाई 2026 को यहाँ की लगभग पूरी आबादी को विस्थापित कर दिया गया।
पांक के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के जवानों ने 9 और 10 जुलाई को निवासियों को घर खाली करने का आदेश दिया था। आरोप है कि घर छोड़ने से इनकार करने वालों को मकान जला देने की धमकी दी गई थी।
इस विस्थापन से पहले सैन्य कार्रवाइयों का दौर चला था। रिपोर्ट के अनुसार, 5 मई को 85 से 100 पुरुषों को हिरासत में लिया गया था। इनमें से करीब 40 लोगों को शादी कौर बांध के पास एक सैन्य कैंप में ले जाया गया, जहाँ वे लापता हो गए। रिपोर्ट में कई हिरासत में लिए गए लोगों के साथ प्रताड़ना किए जाने का भी दावा किया गया है।
रिपोर्ट में 5 से 8 मई के बीच तीन दिनों तक चले सैन्य घेराबंदी का भी विवरण है, जिससे शादी कौर और आसपास के इलाकों में आवाजाही बाधित हुई। इसके अलावा, मई और जून के दौरान गबडी चेकपोस्ट पर भोजन और घरेलू सामान की आपूर्ति को भी वापस लौटा दिया गया था।
मानवीय संकट का जिक्र करते हुए BNM ने बताया कि विस्थापित परिवार पसनी, ओमारा, तुरबात और आसपास के कस्बों में चले गए हैं, जिनमें से कई अब टेंटों में रह रहे हैं। करीब 10,000 एकड़ कृषि भूमि खाली पड़ी है, जिससे खेती, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर बुरा असर पड़ा है।
मानवाधिकारों के उल्लंघन के व्यापक पैटर्न पर बात करते हुए पांक ने आंकड़े साझा किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में 1,355 लोगों को जबरन गायब किया गया और 225 लोगों की न्यायेतर हत्याएं (extrajudicial killings) हुईं। वहीं, जनवरी से जून 2026 के बीच 556 लोग लापता हुए और 227 लोगों की हिरासत में या न्यायेतर हत्याएं दर्ज की गईं।
BNM ने जबरन बेदखली और मानवाधिकारों के उल्लंघन की कड़ी निंदा की है। संगठन ने जवाबदेही तय करने, लापता व्यक्तियों का पता बताने, मानवीय सहायता प्रदान करने और विस्थापित बलूच परिवारों की सुरक्षित वापसी की मांग की है।