ब्रेंडन टेलर ने एंडी फ्लावर का रिकॉर्ड तोड़ा और वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने

अबू धाबी (यूएई): जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने दिग्गज खिलाड़ी एंडी फ्लावर को पीछे छोड़ते हुए वनडे क्रिकेट में अपने देश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
40 साल के ब्रेंडन टेलर ने यह कारनामा अबू धाबी में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए ट्राई-नेशन सीरीज के मैच के दौरान किया। इस सीरीज में अफगानिस्तान की टीम भी हिस्सा ले रही है। इस मैच में टेलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 101 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल थे।
साल 2004 में वनडे डेब्यू करने वाले ब्रेंडन टेलर ने अब तक 211 मैचों की 209 पारियों में 35.24 की औसत से कुल 6,837 रन बना लिए हैं। उनके नाम 11 शतक और 40 अर्धशतक हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 145* रहा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड एंडी फ्लावर के नाम था, जिन्होंने 213 मैचों में 6,786 रन बनाए थे।
टेलर ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी और तब से वे सभी फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के लिए खेल रहे हैं। वापसी के बाद उन्होंने छह वनडे मैचों में 25.5 की औसत से 153 रन बनाए हैं। सभी फॉर्मेट को मिलाकर उन्होंने 23 मैचों की 22 पारियों में 25.47 की औसत से 535 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।
मैच की बात करें तो जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। एक समय टीम की हालत खराब थी और स्कोर 24 रन पर 3 विकेट था। इसके बाद अनुभवी ब्रेंडन टेलर (81 रन) और क्रेग एर्विन (93 रन) की पारियों की मदद से टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 271 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से ताशकिन अहमद ने 44 रन देकर 3 विकेट और शोरिफुल इस्लाम ने 47 रन देकर 2 विकेट लिए।