चीन ने 91 देशों में फैलाया जासूसी नेटवर्क, रिपोर्ट में 1,247 केंद्र होने का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने 91 देशों में 1,247 जासूसी केंद्र बनाए हैं, जिनमें अमेरिका के 40 आउटपोस्ट भी शामिल हैं।

बीजिंग: चीन ने दुनिया भर में अपना निगरानी और पुलिसिंग नेटवर्क काफी बढ़ा लिया है। 'द एपोक टाइम्स' (TET) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने वैश्विक स्तर पर 1,247 संपर्क बिंदु (liaison points) बनाए हैं। इनमें से 40 से ज्यादा निगरानी आउटपोस्ट अकेले अमेरिका में बताए गए हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन केंद्रों का इस्तेमाल चीनी प्रवासियों की निगरानी करने, खुफिया जानकारी जुटाने और विरोधियों को दबाने के लिए किया जा रहा है। स्पेन स्थित मानवाधिकार संगठन 'सेफगार्ड डिफेंडर्स' के हवाले से बताया गया है कि बीजिंग ने अपने गुप्त पुलिस स्टेशनों को बंद करने के सार्वजनिक दावों के बावजूद इस बुनियादी ढांचे का विस्तार जारी रखा है।
सेफगार्ड डिफेंडर्स ने पहले 50 देशों में 100 से अधिक ऐसे पुलिस स्टेशनों की पहचान की थी। "ए फॉर्मूला फॉर रिप्रेशन: चाइनाज ग्लोबल ग्रिड फॉर कम्युनिटी कंट्रोल" नाम की ताजा रिपोर्ट में 91 देशों में फैले 1,247 संपर्क बिंदुओं का जिक्र है। आरोप है कि ये केंद्र प्रवासी संगठनों के भीतर छिपे हैं और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के लिए काम कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन के पांच प्रांतों की 10 से अधिक पुलिस फोर्स इस नेटवर्क में शामिल हैं। ये लोग चीन में स्थित अभियोजकों, अदालतों और न्याय ब्यूरो के साथ तालमेल बिठाकर काम कर रहे हैं। यह भी कहा गया है कि बीजिंग ने इन ऑपरेशन्स को खत्म करने के बजाय उनका नाम बदल दिया है और पुलिस के साइनबोर्ड हटाकर इन्हें प्रवासी संगठनों के जरिए चलाया जा रहा है।
अमेरिका के शहरों की बात करें तो न्यूयॉर्क में सबसे ज्यादा 10 आउटपोस्ट बताए गए हैं। इसके बाद सैन फ्रांसिस्को, लॉस एंजिल्स, शिकागो और ह्यूस्टन का नंबर आता है। इसके अलावा पिट्सबर्ग, वाशिंगटन, साल्ट लेक सिटी, ओमाहा, सेंट लुइस, सेंट पॉल और चार्लोट में भी ऐसे केंद्र होने का दावा है।
सेफगार्ड डिफेंडर्स के मुताबिक, चीनी पुलिस और राजनीतिक अधिकारी 'ओवरसीज चाइनीज फेडरेशन' के जरिए काम कर रहे हैं। इसे कानूनी सेवाओं और प्रवासियों के अधिकारों की सुरक्षा के नाम पर चलाया जा रहा है। इसमें CCP के 'यूनाइटेड फ्रंट वर्क डिपार्टमेंट' की अहम भूमिका है, जो विदेशी प्रभाव डालने और खुफिया जानकारी जुटाने का काम करता है।
वॉशिंगटन स्थित जेमस्टाउन फाउंडेशन ने फरवरी की एक रिपोर्ट में अमेरिका में कम से कम 967 यूनाइटेड फ्रंट समूहों की पहचान की थी। रिपोर्ट में ब्रुसेल्स स्थित एक केंद्र का उदाहरण दिया गया है, जिसका काम प्रमुख प्रवासी चीनी हस्तियों की जानकारी जुटाना था।
फ्रांस ने 2025 में एक चीनी व्यापार संघ के अध्यक्ष को देश से बाहर निकाला, जो फुझोऊ पुलिस स्टेशन से जुड़ा था। फ्रांस की प्रशासनिक अदालत ने माना कि यह स्टेशन चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय और CCP के नियंत्रण तंत्र के रूप में काम कर रहा था।
अमेरिका में भी 2022 में एफबीआई ने न्यूयॉर्क स्थित एक चीनी संघ के भीतर चल रहे फुझोऊ पुलिस स्टेशन पर छापा मारकर उसे बंद कराया था। इस मामले में दो लोगों पर आरोप लगे, जिनमें से एक ने 2024 में दोष स्वीकार किया और दूसरे को मई में दोषी ठहराया गया।
रिपोर्ट की लेखिका लॉरा हार्थ ने सरकारों से यूनाइटेड फ्रंट नेटवर्क पर ध्यान देने और विदेशी एजेंट पंजीकरण नियमों को सख्त करने की अपील की है। वहीं, 26 देशों के 54 सांसदों ने 6 नवंबर को एक संयुक्त बयान जारी कर विदेशी हस्तक्षेप विरोधी कानूनों को मजबूत करने और प्रवासी समुदायों की सुरक्षा के लिए रिपोर्टिंग सिस्टम बनाने की मांग की है।