चिनमय कृष्ण दास का ढाका जेल ट्रांसफर, अधीर रंजन ने MEA से पूछा- भारत ने क्या कदम उठाए?
हिंदू भिक्षु चिनमय कृष्ण दास को चटगांव से ढाका जेल भेजा गया है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने MEA से सुरक्षा पर सवाल किए हैं।

नई दिल्ली: वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने हिंदू भिक्षु चिनमय कृष्ण दास की सुरक्षा और सेहत को लेकर विदेश मंत्रालय (MEA) से सवाल किए हैं। यह मामला चिनमय कृष्ण दास को बिना किसी स्पष्ट कारण के चटगांव जेल से ढाका जेल स्थानांतरित किए जाने के बाद गरमाया है।
अधीर रंजन चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए चिंता जाहिर की। उन्होंने पूछा कि बांग्लादेश में नवंबर 2024 से हिरासत में रखे गए हिंदू भिक्षु की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भारत का विदेश मंत्रालय क्या राजनयिक कदम उठा रहा है।
चिनमय कृष्ण दास के वकील अपूर्बा कुमार भट्टाचार्य ने उनके अचानक ट्रांसफर पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि चिनमय एक ब्रह्मचारी और सख्त शाकाहारी वैष्णव हैं, जो केवल अपने द्वारा बनाया गया भोजन ही ग्रहण करते हैं।
वकील के मुताबिक, चटगांव जेल में उनके साथ बंद एक सह-अभियुक्त रंगनाथन ब्रह्मचारी उनकी खाना बनाने में मदद कर रहे थे, जिससे वे पिछले करीब दो वर्षों से वहां सहज थे। अब ढाका सेंट्रल जेल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण वे अब तक केवल फल खाकर गुजारा कर रहे हैं।
भट्टाचार्य ने यह भी बताया कि चिनमय कृष्ण दास लिवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, इसलिए वे किसी भी तरह का भोजन नहीं कर सकते। उन्होंने आशंका जताई है कि इस स्थिति में उनकी जान को खतरा हो सकता है।
यह पूरा मामला 31 अक्टूबर 2024 को शुरू हुआ था, जब चटगांव शहर के चंद्रगांव पुलिस स्टेशन के तहत मोहरा वार्ड बीएनपी के तत्कालीन महासचिव फिरोज खान ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में देशद्रोह कानून के तहत चिनमय कृष्ण दास समेत 19 लोगों पर केस दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, फिरोज खान को बाद में बीएनपी ने उनके पद से हटा दिया था। इसी मामले के सिलसिले में चिनमय दास को 25 नवंबर 2024 को ढाका से गिरफ्तार किया गया था।