हथियारों की तस्करी के लिए पारंपरिक नावों का इस्तेमाल करने पर सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती मिलिशिया को दी सख्त चेतावनी

यमन: सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती मिलिशिया को समुद्र के रास्ते हथियारों, मिसाइलों और सैन्य उपकरणों की तस्करी करने के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की है। गठबंधन ने बताया कि हूती मिलिशिया पारंपरिक नावों का इस्तेमाल कर हथियारों की सप्लाई कर रहे हैं।
गठबंधन ने उन चार खास तरह के समुद्री जहाजों की पहचान की है जिन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इनमें ज़ामिया, होरी, जलबाह और संबुक नाम की नावें शामिल हैं।
गठबंधन के मुताबिक तस्करी के ये काम यमन की सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। इससे आम नागरिकों की जान को भी जोखिम हो रहा है।
इसके साथ ही नावों और समुद्री जहाजों के सभी मालिकों और ऑपरेटरों को भी सख्त चेतावनी दी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे यमन के तटों तक तस्करी के कामों में हूतियों का साथ न दें।
कमांड ने जोर दिया कि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन गतिविधियों से दूर रहना जरूरी है।