दुबई पुलिस का ऐक्शन, रिहायशी इलाकों में शोर मचाने वाली 218 गाड़ियां जब्त
दुबई पुलिस ने अक्टूबर महीने में शोर उल्लंघन और अवैध मॉडिफिकेशन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 218 गाड़ियां जब्त कीं और 518 जुर्माने लगाए।

दुबई: रिहायशी इलाकों में शोर मचाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दुबई पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अक्टूबर महीने में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 218 वाहनों को जब्त किया और 518 चालान काटे हैं।
दुबई आई 1038 द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई उन मोटर चालकों के खिलाफ की गई जिन्होंने गाड़ियों में अवैध तरीके से बदलाव किए थे। इन मॉडिफिकेशन की वजह से वाहनों से निकलने वाला शोर तय सीमा से ज्यादा था, जिससे रिहायशी इलाकों के लोगों को परेशानी हो रही थी।
ट्रैफिक के जनरल डिपार्टमेंट ने यह ऑपरेशन यूएई के ट्रैफिक कानूनों को सख्ती से लागू करने के लिए चलाया। नियमों के तहत वाहनों में ऐसा कोई भी अनधिकृत बदलाव करना प्रतिबंधित है, जिससे शोर का स्तर बढ़ जाए।
स्थानीय अधिकारियों का यह कदम शोर प्रदूषण को कम करने और रिहायशी इलाकों में सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की व्यापक कोशिशों का हिस्सा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वाहन सुरक्षा और शोर के मानकों का पालन न करने वाले ड्राइवरों की निगरानी जारी रहेगी और उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।