दुबई: नकली पाटेक फिलिप घड़ी बेचने वाली महिला को 7 लाख दिरहम लौटाने का आदेश
दुबई कोर्ट ने एक महिला को नकली पाटेक फिलिप घड़ी बेचने के मामले में खरीदार को 7 लाख दिरहम और ब्याज चुकाने का आदेश दिया है।

दुबई: एक महिला ने असली बताकर नकली पाटेक फिलिप (Patek Philippe) घड़ी बेच दी, जिसके बाद अब उसे भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। दुबई सिविल कोर्ट ने महिला को आदेश दिया है कि वह खरीदार को 7 लाख दिरहम की पूरी राशि वापस करे।
यह मामला तब शुरू हुआ जब खरीदार ने भरोसा करके घड़ी खरीदी थी, लेकिन बाद में वह नकली निकली। इस मामले की सुनवाई पहले दुबई मिसडिमिनर कोर्ट में हुई थी। उस समय कोर्ट ने महिला पर 10,000 दिरहम का जुर्माना लगाया था और नकली घड़ी को जब्त करने के साथ-साथ बिक्री से मिली रकम वापस करने का निर्देश दिया था।
महिला ने इस फैसले के खिलाफ अपील की थी, लेकिन उसकी अपील खारिज कर दी गई। इसके बाद कोर्ट ऑफ कैसेशन में भी चुनौती दी गई, जिसके बाद महिला की आपराधिक सजा अंतिम हो गई।
क्रिमिनल कोर्ट के फैसले के बाद पीड़ित खरीदार ने अपने वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए सिविल दावा पेश किया। इस पर सुनवाई करते हुए दुबई सिविल कोर्ट ने महिला को 7 लाख दिरहम की पूरी राशि चुकाने का आदेश सुनाया।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया है कि महिला को इस राशि पर 5 प्रतिशत वार्षिक कानूनी ब्याज देना होगा। यह ब्याज सिविल फैसले की तारीख से लेकर पूरी रकम चुकाने तक लागू रहेगा। इसके अलावा, महिला को कोर्ट की सभी फीस और कानूनी खर्चों का भुगतान भी करना होगा।