दुबई में ड्वेन ब्रावो का जन्मदिन जश्न, क्रिस गेल समेत जुटे वेस्टइंडीज के दिग्गज

दुबई के आलीशान माहौल में क्रिकेट की दुनिया के बड़े सितारों का जमावड़ा लगा। वेस्ट चैंपियंस के मालिक अजय सेठी ने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के जन्मदिन के मौके पर अपने निवास पर एक शानदार पार्टी का आयोजन किया। इस जश्न में क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं, जिससे यह शाम यादगार बन गई।
7 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मनाने वाले ड्वेन ब्रावो के इस सेलिब्रेशन में उनके पुराने साथी और कैरिबियन क्रिकेट के चमकते सितारे नजर आए। पार्टी में क्रिस गेल, कार्लोस ब्रैथवेट, लेंडल सिमंस, शेल्डन कॉट्रेल, फिडेल एडवर्ड्स, चैडविक वाल्टन, जर्मेन ब्लैकवुड, रेमन रीफर, रायड एम्रिट, निकिता मिलर और सुलेमान बेन जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हुए।
T20 क्रिकेट के बादशाह रहे हैं ब्रावो
ड्वेन ब्रावो को T20 क्रिकेट के अग्रदूतों में गिना जाता है। उन्होंने अपने करियर में बल्ले और गेंद दोनों से दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीग्स में अपना लोहा मनवाया है। ब्रावो ने सात T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया और वेस्टइंडीज को दो बार विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा, उन्होंने विभिन्न लीगों में 15 से अधिक ट्रॉफियां अपने नाम की हैं।
रिकॉर्ड्स की बात करें तो ब्रावो T20 क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने थे। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य स्तंभ रहे ब्रावो 2013 और 2015 में टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज रहे। इसके साथ ही उन्होंने कैरिबियन प्रीमियर लीग (CPL) और बिग बैश लीग (BBL) में भी विकेट लेने के मामले में टॉप चार्ट्स पर अपनी जगह बनाई।
ब्रावो ने अक्टूबर 2018 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन बाद में वे टीम की मदद के लिए वापस लौटे। हालांकि, T20 वर्ल्ड कप से टीम के जल्दी बाहर होने के बाद 38 साल की उम्र में उन्होंने दोबारा संन्यास का फैसला किया।