एस्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2027 में होगी शतरंज की वापसी, रियाद में कार्लसन पर रहेंगी निगाहें
Esports World Cup 2027 में शतरंज की वापसी हुई है। दो बार के चैंपियन मैग्नस कार्लसन अब ऐतिहासिक हैट्रिक बनाने की कोशिश करेंगे।

रियाद (सऊदी अरब): शतरंज खेल की एक बार फिर Esports World Cup (EWC) 2027 में वापसी हुई है। लगातार तीसरे साल दुनिया के बेहतरीन शतरंज खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी चमक बिखेरेंगे, जहां सबकी नजरें दो बार के चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हराने पर होंगी।
एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, दुनिया के सबसे बड़े शतरंज समुदाय Chess.com और Esports Foundation ने हाथ मिलाया है। इन दोनों संस्थाएं मिलकर एक नए और बेहतर 'चैंपियंस चेस टूर 2026-2027' चक्र के जरिए यह तय करेंगी कि EWC 2027 में किन खिलाड़ियों को जगह मिलेगी।
साल 2025 में अपनी शुरुआत के बाद से शतरंज इस प्रतियोगिता का एक अहम हिस्सा बन गया है। यह खेल अब ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में एक बड़ा चलन बन चुका है, जिससे ई-स्पोर्ट्स और पारंपरिक शतरंज दोनों के प्रशंसक इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं।
पिछले संस्करण की बात करें तो पेरिस में आयोजित प्रतियोगिता में मैग्नस कार्लसन ने अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने प्लेऑफ में एंड्रेई एसिपेंको और हंस मोके नीमैन को मात दी। इसके बाद निहाल सरिन और EWC 2025 के फाइनलिस्ट अलीरेजा फिरोजा को हराकर उन्होंने ग्रैंड फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
ग्रैंड फाइनल में कार्लसन का सामना 19 वर्षीय डेनिस लाजाविक से हुआ। लाजाविक ने प्लेऑफ में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को हराया था और ग्रुप स्टेज की हार का बदला लेते हुए हिकारू नाकामुरा को मात देकर फाइनल तक का सफर तय किया था।
फाइनल मुकाबले में कार्लसन ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए लाजाविक को 2-0 से हराया और अपना खिताब बरकरार रखा। इस जीत के साथ कार्लसन ने यह दिखा दिया कि उन्हें वर्तमान में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी क्यों माना जाता है।
अब EWC 2027 के लिए क्वालीफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मैग्नस कार्लसन इस बार एक ऐतिहासिक 'थ्री-पीट' (लगातार तीन बार जीत) हासिल करने की कोशिश करेंगे। अब तक केवल रॉकेट लीग खिलाड़ी सैमी "ड्रली" हज्जी ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं।
अगले टूर्नामेंट में डेनिस लाजाविक पर भी नजरें रहेंगी, जो अब EWC 2026 क्लब चैंपियन AG.AL के सदस्य के तौर पर खेलेंगे। वहीं, उज्बेकिस्तान को चेस ओलंपियाड 2026 जिताने वाले नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव भी एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, जो फिलहाल Chess.com की लाइव ग्लोबल रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं।