कतर के लोग अब खाएँगे UP फर्रुखाबाद की हरी सब्जियां, आज से भेजना हुआ चालू
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से कतर के लिए फ्रोजन सब्जियों की पहली खेप रवाना हुई है, जिससे स्थानीय किसानों के लिए नए अवसर खुलेंगे।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद की हरी सब्जियां अब कतर के बाजारों में पहुंचेंगी। राज्य के कृषि निर्यात को नई ऊंचाई देते हुए फ्रोजन मटर और मिक्स सब्जियों की पहली खेप कतर के लिए रवाना कर दी गई है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के मुताबिक, श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स द्वारा निर्यात की गई 63 मीट्रिक टन की इस खेप को एपीडा (APEDA) के चेयरमैन अभिषेक देव ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। यह खेप फर्रुखाबाद से शुरू होकर न्हावा शेवा पोर्ट के जरिए दोहा, कतर भेजी गई है।
यह कदम फर्रुखाबाद और उसके आसपास के इलाकों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहाँ सब्जी उत्पादन और प्रोसेसिंग की काफी संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय कृषि उत्पादन को अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन और फूड प्रोसेसिंग सुविधाओं से जोड़ने का मौका मिलेगा।
मंत्रालय ने बताया कि इस पहल से किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), प्रोसेसर्स और निर्यातकों के लिए विदेशी बाजारों के रास्ते खुलेंगे। यह यूपी के कृषि निर्यात में वैल्यू-ऐडेड और फ्रोजन फूड उत्पादों की बढ़ती क्षमता को भी दर्शाता है।
इसी कड़ी में एपेडा ने निर्यातकों और सरकारी एजेंसियों के साथ तालमेल बढ़ाया है। 20 नवंबर को वाराणसी में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, मार्केट एक्सेस और रेगुलेटरी जरूरतों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन अभिषेक देव ने 'भारत कृषि निर्यात योजना' (BKNY) का जिक्र किया, जिसका उद्देश्य कृषि निर्यात और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने 'भारती' (BHARATI) पहल के बारे में भी बताया, जो FPOs को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई है।
इस पूरी प्रक्रिया में एपेडा, यूपी कृषि विभाग, ECGC और DPPQS जैसे संस्थानों के अधिकारियों के साथ-साथ निर्यातकों और FPOs के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। फर्रुखाबाद से शुरू हुआ यह निर्यात यूपी के कृषि उत्पादों की भौगोलिक पहुंच और विविधता को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे अब कतर के लोग यूपी की हरी सब्जियां खा सकेंगे।