स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में कुवैती टैंकर पर हमला, पांच भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए

Vandana Upadhyay3 October 20261 min read0 viewsOman
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में कुवैती टैंकर पर हमला, पांच भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजर रहे कुवैती ध्वज वाले कच्चे तेल के टैंकर एमटी काजिमा III पर एक अज्ञात मिसाइल या प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। इस खतरनाक घटना के बाद ओमान में पांच भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ओमान में सुरक्षित पहुंचे भारतीय नाविक

ओमान की राजधानी मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इस सफल बचाव अभियान की जानकारी दी। दूतावास ने बताया कि संकट में फंसे सभी पांचों भारतीय नाविकों को सुरक्षित ओमान की धरती पर लाया गया है। गनीमत यह रही कि इस भीषण हमले में किसी भी भारतीय नाविक को चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित हैं।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin

क्या है पूरा मामला?

कुवैत ऑयल टैंकर कंपनी का यह विशालकाय क्रूड कैरियर एमटी काजिमा III टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था, तभी शुक्रवार को रास्ते में उस पर हमला हुआ। ब्रिटेन की समुद्री व्यापार संचालन संस्था (UKMTO) के अनुसार, इस हमले के बाद जहाज में मामूली आग लग गई थी और थोड़ी देर के लिए बिजली गुल हो गई थी। हालांकि, चालक दल की सूझबूझ से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और किसी तरह के बड़े पर्यावरण नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।

क्षेत्र में बढ़ रहा है तनाव

हाल के दिनों में इस जलमार्ग पर जहाजों को निशाना बनाने की यह पांचवीं घटना है। क्षेत्रीय अशांति के कारण वैश्विक व्यापार और समुद्री सुरक्षा पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, फारस की खाड़ी में चल रहे मर्चेंट जहाजों पर हजारों भारतीय नाविक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर लगातार चिंताएं व्यक्त की जा रही हैं।

Share:

Comments

Leave a comment