विमान हादसे को रोकने वाले भारतीय मूल के फ्लाईदुबई कैप्टन स्मित मच्चर को यूएई ने दिया बड़ा सम्मान
फ्लाईदुबई के भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्चर को विमान हादसे को रोकने के लिए यूएई के प्रतिष्ठित ऑर्डर ऑफ जायद II से नवाजा गया है।

दुबई: फ्लाईदुबई के भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्चर को एक बड़े विमान हादसे को टालने के लिए यूएई के प्रतिष्ठित 'फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद II' से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उस बहादुरी के लिए मिला है, जिससे उन्होंने सैकड़ों यात्रियों की जान बचाई।
यह घटना 30 सितंबर की है, जब फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। खबरों के मुताबिक, उड़ान के दौरान को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित मच्चर पर हमला कर दिया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की।
हमले के दौरान मच्चर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे अन्य लोग अंदर आ सके और स्थिति को संभाला जा सके। इस बीच विमान तेजी से हजारों फीट नीचे गिरा, लेकिन बाद में उस पर नियंत्रण पा लिया गया।
खतरे को देखते हुए विमान का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्चर और उनके साथी क्रू मेंबर्स की बहादुरी, पेशेवर रवैये और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें इस सम्मान से नवाजा।
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने उन्हें ये मेडल प्रदान किए। इस घटना के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्चर के साहस की तारीफ की है। हालांकि विमान में सवार कुल यात्रियों की संख्या स्पष्ट नहीं है, लेकिन कैप्टन की सूझबूझ से एक बड़ी त्रासदी टल गई।