flydubai को-पायलट की खौफनाक साजिश: विमान को क्रैश कर बड़ा हमला करने की थी तैयारी

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अटॉर्नी जनरल काउंसलर डॉ. हमद सैफ अल शम्स ने एक चौंकाने वाले खुलासे में बताया है कि flydubai के एक को-पायलट ने विमान को हाईजैक कर एक भीषण आतंकी हमला करने की पूरी योजना बनाई थी। यह घटना 30 सितंबर 2026 की है, जब फ्लाइट FZ1073 के 29 वर्षीय ओमान निवासी को-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर उसे तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल मेंt टकराने की कोशिश की, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान ली जा सके।
जांच में यह बात सामने आई है कि इस पायलट का कट्टरपंथ की ओर झुकाव 2017 में शुरू हुआ था, जब वह ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई कर रहा था। वहां वह 'तकफिरी' विचारधारा के संपर्क में आया। वह 11 सितंबर 2001 के हमलों से इतना प्रभावित था कि उसने खास तौर पर इस तरह का ऑपरेशन दोहराने के लिए ही एविएशन करियर चुना। उसने इस हमले की तैयारी के लिए पहले दो बार तेल अवीव की उड़ानें भरी थीं ताकि वह रास्ते और अपने टारगेट को अच्छी तरह समझ सके। इसके अलावा, वह खुद को शारीरिक रूप से तैयार करने के लिए बॉक्सिंग ट्रेनिंग ले रहा था और चरमपंथी प्रचार सामग्री देख रहा था।
कॉकपिट में संघर्ष और सुरक्षित लैंडिंग
घटना वाले दिन, इस को-पायलट ने कॉकपिट के अंदर ही फ्लाइट कैप्टन Smit Machchhar पर इमरजेंसी कुल्हाड़ी (axe) से हमला कर दिया। फॉरेंसिक रिपोर्ट के मुताबिक, कैप्टन के सिर पर गंभीर चोटें आईं जो जानलेवा हो सकती थीं। हालांकि, कैप्टन के कड़े प्रतिरोध और विमान में मौजूद एक ऑफ-ड्यूटी पायलट की सूझबूझ, साथ ही यात्रियों और चालक दल की मदद से स्थिति को संभाला गया। इसके बाद विमान का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया गया।
UAE पब्लिक प्रोसिक्यूशन की विशेष टीम ने इस मामले की गहन जांच की है। हैरान करने वाली बात यह है कि भर्ती के समय यह संदिग्ध सभी सुरक्षा और लाइसेंसिंग आवश्यकताओं को पूरा करता था। वह 2020 से 2024 तक ओमान एयर और 2025 में रॉयल एयर मारोक में कार्यरत रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, ओमान एयर में चरमपंथी विचारों के कारण उसे प्रशासनिक भूमिका में भेज दिया गया था, जबकि रॉयल एयर मारोक ने ट्रेनिंग के बाद उसके आवेदन को खारिज कर दिया था।
अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और जांच जारी है कि क्या इस साजिश में उसके साथ कोई और भी शामिल था। इस घटना के बाद, इजरायली परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने तेल अवीव के लिए flydubai की उड़ानों को फिर से शुरू करने के अनुरोध को ठुकरा दिया है।