अबू धाबी में विदेश सचिव मिसरी ने यूएई की मंत्री रीम अल हाशिमी से की मुलाकात

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अबू धाबी में यूएई मंत्री रीम अल हाशिमी से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों और रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की।

Nura Basta2 November 20262 min read0 viewsUAE
अबू धाबी में विदेश सचिव मिसरी ने यूएई की मंत्री रीम अल हाशिमी से की मुलाकात

अबू धाबी (यूएई): भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राज्य मंत्री और भारत के लिए विशेष दूत रीम अल हाशिमी से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

यूएई में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि विदेश सचिव विक्रम मिसरी और मंत्री रीम अल हाशिमी के बीच इस मुलाकात में भारत-यूएई संबंधों को और गहरा करने पर बात हुई। इसके अलावा दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति और आपसी हित के वैश्विक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा किए।

दूतावास ने विदेश सचिव मिसरी की यूएई यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह मुलाकात नई दिल्ली और अबू धाबी के बीच लगातार जारी उच्च स्तरीय राजनयिक संपर्कों के बीच हुई है, जो दोनों देशों के बीच मजबूत होते रिश्तों को दर्शाता है।

हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण दौरे हुए हैं। इससे पहले 22 अक्टूबर को यूएई के प्रेसिडेंशियल कोर्ट फॉर डेवलपमेंट एंड फॉलन हीरोज अफेयर्स के डिप्टी चेयरमैन शेख थियाब बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान नई दिल्ली आए थे। विदेश मंत्रालय ने उनकी यात्रा का स्वागत करते हुए कहा था कि इससे नियमित उच्च स्तरीय आदान-प्रदान को और गति मिली है।

इससे पहले यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने भी दो दिवसीय भारत यात्रा की थी। इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुंबई में शेख अब्दुल्ला से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की। जयशंकर ने बताया कि व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, लॉजिस्टिक्स, रक्षा, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों के मामले में यह साझेदारी प्रगति कर रही है।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin
Share:

Comments

Leave a comment