हॉर्मुज जलडमरूमध्य में 4 तेल टैंकरों में विस्फोट, समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से लगी आग
ईरान के मुताबिक हॉर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से 4 तेल टैंकरों में विस्फोट हुआ और आग लग गई।

तेहरान (ईरान): रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से चार तेल टैंकरों में विस्फोट हुआ और उनमें आग लग गई। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी और सशस्त्र बलों की नौसेना ने इस घटना की जानकारी दी है।
IRGC नेवी के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी बयान के मुताबिक, एक तेल टैंकर जलमार्ग के पूर्व में यात्रा करते समय एक समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई। इस धमाके को देखने और ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर से रेडियो चेतावनी मिलने के बाद दो अन्य टैंकरों को वापस फारस की खाड़ी की ओर लौटना पड़ा।
IRGC नेवी ने अपने बयान में चेतावनी दी है कि फर्जी और अनधिकृत मार्गों से यात्रा करने वालों को केवल विस्फोट और आग का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, ईरानी नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने एक अलग बयान में बताया कि दो अन्य तेल टैंकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद आग की चपेट में आ गए। नौसेना के मुताबिक, इन जहाजों ने प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने से पहले अपनी पहचान और नेविगेशन प्रणालियों को बंद कर दिया था, जिसके बाद वे बारूदी सुरंगों से टकरा गए और चलने में असमर्थ हो गए।
ईरानी नौसेना ने स्पष्ट किया कि जब तक ईरान के लक्ष्यों और मांगों को पूरा नहीं किया जाता, हॉर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुलेगा। नौसेना ने टैंकर मालिकों से सुरक्षित passage के लिए सशस्त्र बलों के साथ समन्वय करने को कहा है।
इस बीच, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने रविवार को एक अलग घटना की रिपोर्ट दी है। UKMTO के अनुसार, पूर्व की ओर जा रहे तीन जहाजों पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। रिपोर्ट में बताया गया कि जहाजों ने अपनी यात्रा जारी रखी और सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, हालांकि नुकसान और पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन अभी नहीं हो पाया है।
UKMTO ने क्षेत्र में काम कर रहे जहाजों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है। पश्चिम एशिया में समुद्री आवाजाही को लेकर तनाव जारी है और ईरान लगातार अनधिकृत मार्गों के इस्तेमाल के खिलाफ चेतावनी दे रहा है।