UAE में गोल्ड बना टॉप निवेश आइटम, Real-esate, Crypto छूटा पीछे
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की रिपोर्ट के मुताबिक UAE में 63% निवेशक सोने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो रियल एस्टेट और क्रिप्टो से कहीं ज्यादा है।

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में निवेश के लिए सोना अब सबसे पसंदीदा विकल्प बनकर उभरा है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की हालिया रिपोर्ट 'गोल्ड इन्वेस्टमेंट इन द यूएई' के मुताबिक, देश के 63 प्रतिशत निवेशकों के पास सोने का कम से कम एक रूप मौजूद है। यह आंकड़ा रियल एस्टेट, क्रिप्टोकरेंसी और सेविंग्स अकाउंट जैसे अन्य निवेश विकल्पों को काफी पीछे छोड़ देता है।
रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, सोने के बाद सेविंग्स अकाउंट (39%), क्रिप्टोकरेंसी (33%), रियल एस्टेट (26%) और स्टॉक्स एवं शेयर्स (23%) का नंबर आता है। निवेशकों का रुझान सोने की तरफ लगातार बना हुआ है और सर्वे में शामिल 71 प्रतिशत लोगों ने संकेत दिया है कि वे अगले 12 महीनों के भीतर सोना खरीदने पर विचार कर रहे हैं।
डेमोग्राफिक आंकड़ों की बात करें तो महिलाओं में सोने के प्रति आकर्षण ज्यादा है, जहां 76 प्रतिशत महिलाओं के पास सोना है, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 58 प्रतिशत है। प्रवासियों में एशियाई मूल के लोगों का स्वामित्व सबसे अधिक 67 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
निवेश के तरीकों पर नजर डालें तो 27 प्रतिशत निवेशकों के पास सोने के गहने हैं, जबकि 24 प्रतिशत के पास बार या सिक्के हैं। इसके अलावा 15 प्रतिशत लोग डिजिटल गोल्ड, 11 प्रतिशत गोल्ड एक्युमुलेशन प्लान और 10 प्रतिशत गोल्ड ईटीएफ (ETFs) का इस्तेमाल कर रहे हैं।
डिजिटल फॉर्मेट में निवेश की आवृत्ति अधिक देखी गई है। डिजिटल गोल्ड खरीदने वालों में से 59 प्रतिशत और गोल्ड ईटीएफ खरीदारों में से 57 प्रतिशत महीने में कम से कम एक बार निवेश करते हैं। इसकी तुलना में बार और सिक्कों के लिए यह आंकड़ा 28 प्रतिशत और गहनों के लिए 23 प्रतिशत है।
निवेशकों का मानना है कि बार, सिक्के और गहने सुरक्षित संपत्ति हैं जिन्हें ट्रेड करना आसान है। वहीं, डिजिटल गोल्ड और ईटीएफ को स्टॉक्स और क्रिप्टोकरेंसी की तरह जोखिम वाली श्रेणियों में देखा जाता है। हाल ही में निवेश करने वाले 42 प्रतिशत लोगों ने कीमतों की उम्मीद को मुख्य कारण बताया, जबकि 36 प्रतिशत ने लेनदेन में आसानी को प्राथमिकता दी।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की ईएमईए (EMEA) पॉलिसी और एक्सटर्नल अफेयर्स हेड लीसा वेनियो ने बताया कि यूएई के निवेश परिदृश्य में सोना एक महत्वपूर्ण तत्व है। उन्होंने कहा कि भौतिक सोना स्वामित्व का आधार है, लेकिन डिजिटल उत्पाद अब लोगों की पहुंच को बढ़ा रहे हैं और निवेश को अधिक बार संभव बना रहे हैं।
वेनियो के मुताबिक, उद्योग के पास अब निवेशकों को सोने की रणनीतिक भूमिका और विभिन्न गोल्ड-बैक्ड उत्पादों के व्यावहारिक पहलुओं के बारे में शिक्षित करने का बड़ा अवसर है।
जानकारी के लिए निवेशक सबसे ज्यादा वित्तीय सलाहकारों और परिवार के सदस्यों पर भरोसा करते हैं। पिछले एक साल में सोना खरीदने वालों ने मुख्य रूप से बैंकों और वित्तीय संस्थानों का सहारा लिया, हालांकि सोशल मीडिया और निवेश प्लेटफॉर्म जानकारी के प्रमुख स्रोत बने हुए हैं।