गल्फ जायंट्स ने ILT20 सीजन 5 के लिए वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन को टीम में शामिल किया
गल्फ जायंट्स ने ILT20 सीजन 5 के लिए वेस्टइंडीज के स्पिनर अकील हुसैन को वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया है।

दुबई: अडानी स्पोर्ट्सलाइन के स्वामित्व वाली टीम गल्फ जायंटंट्स ने इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) के पांचवें सीजन के लिए वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन को वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी के तौर पर साइन किया है। टीम ने टूर्नामेंट से पहले अपने स्क्वाड में एक अनुभवी अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज को जोड़ा है।
अकील हुसैन ने 300 से ज्यादा टी20 मैचों में 281 विकेट लिए हैं। इसमें 100 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लिए गए 95 विकेट शामिल हैं। इस फॉर्मेट में उनके सर्वश्रेष्ठ आंकड़े 11 रन देकर 5 विकेट हैं। वह अपनी सटीकता और नियंत्रण के लिए जाने जाते हैं, जिससे मिडिल ओवर्स में रन रोकने में टीम को मदद मिलेगी।
हुसैन को ILT20 का अच्छा अनुभव है क्योंकि वह पहले अबू धाबी नाइट राइडर्स और एमआई एमिरेट्स के लिए खेल चुके हैं। इस प्रतियोगिता के 29 मैचों में उन्होंने 7.10 की इकोनॉमी रेट से 21 विकेट लिए हैं, जिसमें उनके बेस्ट आंकड़े 4/23 रहे हैं।
गल्फ जायंट्स से जुड़ने पर खुशी जताते हुए अकील हुसैन ने कहा कि वह इस रोमांचक प्रतियोगिता का हिस्सा बनकर खुश हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपने अनुभव का इस्तेमाल गेंद से प्रभाव डालने और टीम को सफलता दिलाने में करेंगे।
गल्फ जायंट्स के हेड कोच साइमन हेल्मोट ने बताया कि अकील एक अनुभवी अंतरराष्ट्रीय स्पिनर हैं जो टी20 क्रिकेट की जरूरतों को समझते हैं और अलग-अलग लीग में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि अकील की सटीकता और मिडिल ओवर्स को संभालने की क्षमता गेंदबाजी आक्रमण के लिए मूल्यवान होगी।
ILT20 का पांचवां संस्करण 21 नवंबर 2026 से शुरू होगा और इसका समापन 20 दिसंबर 2026 को होगा। गल्फ जायंट्स के स्क्वाड में अब अकील हुसैन के अलावा डेविड मिलर, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन और रहमानुल्लाह गुरबाज जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।