ग्वादर: दिल की मरीज शाइस्ता बलोच को घर से उठा ले गई CTD, BWF ने की निंदा
ग्वादर में CTD छापे के बाद दिल की मरीज शाइस्ता बलोच लापता। BWF ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताते हुए उनकी रिहाई की मांग की है।

ग्वादर (पाकिस्तान): बलोच विमेन फोरम (BWF) ने ग्वादर में एक महिला, शाइस्ता बलोच के कथित तौर पर जबरन गायब किए जाने की कड़ी निंदा की है। शाइस्ता दिल की गंभीर मरीज हैं और उन्हें CTD अधिकारियों और सादे कपड़ों में आए कर्मियों ने उनके घर से उठाया है।
फोरम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में बताया गया कि सुरक्षाकर्मियों ने दो रातों तक शाइस्ता के घर पर छापेमारी की। पहली रात कर्मियों ने घर में तोड़फोड़ की, सामान नुकसान पहुंचाया और परिवार के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। अगली रात CTD अधिकारियों और सादे कपड़ों में आए लोगों ने दोबारा छापा मारकर शाइस्ता को जबरन अपने साथ ले गए, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है।
BWF ने शाइस्ता की सेहत को लेकर गहरी चिंता जताई है। फोरम के मुताबिक, शाइस्ता की पहले हार्ट सर्जरी हो चुकी है और उन्हें नियमित दवाइयों और मेडिकल निगरानी की जरूरत है। बिना इलाज और दवाओं के उनकी यह स्थिति उनकी जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
बयान में परिवार के साथ हुए पुराने दुर्व्यवहार का भी जिक्र किया गया है। शाइस्ता के भाई अली असगर 16 अप्रैल से लापता हैं। इसके अलावा, 6 जुलाई को परिवार के घर को गिरा दिया गया था, जिससे उनकी बुजुर्ग मां बेघर हो गईं और अब वे रिश्तेदारों के सहारे रह रही हैं।
फोरम ने आरोप लगाया कि बलूचिस्तान में महिलाओं को निशाना बनाने का पैटर्न बढ़ रहा है। उन्होंने महजबीन बलोच, नसरीना बलोच और हबीबा पीरजन जैसी महिलाओं के गायब होने का उदाहरण देते हुए इसे दमन की नीति बताया। BWF ने कहा कि जबरन गायब करना और सामूहिक सजा देना बलोच आबादी पर दबाव बनाने का तरीका है।
BWF ने शाइस्ता बलोच और अली असगर के ठिकाने का खुलासा करने और उन्हें बिना शर्त रिहा करने की मांग की है। फोरम ने शाइस्ता के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता और स्वतंत्र मेडिकल जांच की मांग की है। साथ ही, घर गिराने और छापेमारी की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की अपील की है।