इंग्लैंड के खिलाफ मैच में दुर्व्यवहार करने पर हारिस रऊफ पर ICC ने लगाया जुर्माना और फटकार
इंग्लैंड के खिलाफ मैच में दुर्व्यवहार के कारण पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

लाहौर (पाकिस्तान): पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए वनडे मैच में अनुशासन तोड़ने के आरोप में फटकार लगाई गई है। ICC ने रऊफ पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।
ICC की वेबसाइट के मुताबिक, रऊफ ने खिलाड़ियों के लिए बनाए गए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया है। यह नियम खेल की भावना के विपरीत व्यवहार से जुड़ा है।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 46वें ओवर के अंत में हुई। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रऊफ ने वाइड के लिए अपील की और इसके बाद इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के साथ बहस करने लगे।
अंपायर शर्फुदौला इबने शाहिद के चेतावनी देने के बावजूद रऊफ ने अपना बल्ला उठाया और बहस जारी रखी। इसके बाद वह अंपायर को धक्का देते हुए जैक्स की तरफ बढ़ गए।
इस मामले में रऊफ के रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका तीसरा अपराध है, जिससे अब उनके कुल डिमेरिट पॉइंट बढ़कर पांच हो गए हैं।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम पर भी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। टीम निर्धारित समय के भीतर अपने लक्ष्य से तीन ओवर कम डाल पाई थी।
नियमों के मुताबिक, तय समय में ओवर पूरे न करने पर टीम के खिलाड़ियों पर हर एक ओवर के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगता है।
हारिस रऊफ और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक ने अपनी गलतियां स्वीकार कर ली हैं। मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा प्रस्तावित दंड को मानने के बाद अब किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
मैदान पर मौजूद अंपायर राशिद रियाज और शर्फुदौला, तीसरे अंपायर वेन नाइट्स और चौथे अंपायर नासिर हुसैन ने ये आरोप लगाए थे।