हूती विद्रोहियों ने यमन के अल-रयान और अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए बैलिस्टिक मिसाइल हमले

मुकल्ला (यमन): हूती मिलिशिया ने बुधवार को यमन के अहम बुनियादी ढांचों को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए हैं। इन हमलों में मुकल्ला स्थित अल-रयान इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया।
मुकल्ला के स्थानीय लोगों और चश्मदीदों ने इलाके में कई जोरदार धमाके सुनने की बात कही है। शुरुआती जांच के मुताबिक, अल-रयान एयरपोर्ट पर चार बैलिस्टिक मिसाइलें गिरीं। बताया जा रहा है कि ये मिसाइलें अल-बयदा गवर्नरेंट के पूर्वी इलाकों से दागी गई थीं।
अल-रयान एयरपोर्ट पर मिसाइल हमलों के साथ ही मुकल्ला इलाके में भारी ड्रोन गतिविधि भी देखी गई। फिलहाल यहां हुए भौतिक नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है और जांच जारी है।
इसी दौरान अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी मिसाइल हमले दर्ज किए गए। हूती सशस्त्र बलों के प्रवक्ता याह्या सारी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने दावा किया कि अदन के बद्र कैंप में स्थित सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के सैन्य ऑपरेशन रूम पर सीधा और सटीक हमला किया गया है।
इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन सरकार के नियंत्रण वाले हवाई अड्डों पर नागरिक उड्डयन को बाधित करने और वहां मौजूद कर्मियों व यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।