इलिनॉय में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश, भारत ने जताई चिंता

Gautam Sahu15 October 20263 min read0 viewsWorld
इलिनॉय में हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश, भारत ने जताई चिंता

औरोरा (इलिनॉय, अमेरिका): अमेरिका के इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर पर सामूहिक गोलीबारी की कथित साजिश के मामले में भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बुधवार को कहा कि इस घटना से अमेरिका में बढ़ती "नस्लीय दुश्मनी और भारत-विरोधी नफरत" की चिंता और गहरी होती है।

मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लीय स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का जिक्र है, बेहद परेशान करने वाला है। जायसवाल ने कहा, "हम इललिनॉय के औरोरा क्षेत्र में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी की कथित साजिश की रिपोर्टों से गहराई से चिंतित हैं।"

उन्होंने बताया कि भारत ने अमेरिकी कानून लागू करने वाली एजेंसियों की कार्रवाई पर ध्यान दिया है, जिसमें संदिग्ध की गिरफ्तारी, उसकी हिरासत और उस पर लगाए गए आरोप शामिल हैं। जायसवाल ने कहा, "इस घटना से अमेरिका में नस्लीय दुश्मनी और भारत-विरोधी नफरत की बढ़ती चिंताएं और गहरी होती हैं। नफरत से प्रेरित हिंसा पर शून्य सहनशीलता और भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है।"

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin

मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारियों से पूरी जांच करने, दोषियों को सजा दिलाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय करने को भी कहा है। जायसवाल ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की पूरी जांच करेंगे, जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।"

यह बयान 19 साल के अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस की गिरफ्तारी के बाद आया है, जिस पर इलिनॉय में एक हिंदू पूजा स्थल को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी की कथित योजना बनाने का आरोप है। पलाटाइन पुलिस विभाग के मुताबिक, जांच 11 अक्टूबर को शुरू हुई, जब माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभाग ने संभावित सामूहिक गोलीबारी की सूचना साझा की। यह जानकारी एक व्यक्ति से मिली थी, जिसे पापोराकिस की ओर से चिंताजनक इलेक्ट्रॉनिक संदेश मिले थे।

जांचकर्ताओं ने बताया कि संदिग्ध ने एक दस्तावेज साझा किया था, जिसमें कथित तौर पर हिंदू मंदिर पर सामूहिक गोलीबारी की योजना का ब्योरा था। इसके साथ राइफल, राइफल मैगजीन, बॉडी आर्मर और अन्य सामरिक उपकरणों की तस्वीरें भी थीं। पापोराकिस को उसके घर से निकलते समय हिरासत में लिया गया था।

बाद में उसके घर की तलाशी में पुलिस को एक राइफल, कई भरी हुई मैगजीन, राइफल की सैकड़ों अतिरिक्त गोलियां, सामरिक उपकरण और जांच से जुड़ी अन्य चीजें मिलीं। बरामद सामान में बॉडी आर्मर वाली एक टैक्टिकल वेस्ट भी थी, जिस पर श्वेत वर्चस्ववादी उग्रवाद से जुड़ी छवि वाला एक पैच था।

पुलिस के अनुसार, पापोराकिस के नाम वाले एक दस्तावेज, जिसका शीर्षक "Why I Fought: A.K.A.: (Aurora Shooter's Manifesto)" था, में श्वेत वर्चस्ववादी और चरमपंथी विचारधाराओं वाले बयान थे। इनमें दक्षिण एशियाई, खासकर भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा के संदर्भ भी शामिल थे। पुलिस का मानना है कि संदिग्ध 11 अक्टूबर को हमले की योजना बना रहा था।

पापोराकिस पर "मेकिंग ए टेररिस्ट थ्रेट" का एक मामला, जो क्लास एक्स फेलनी है, और हथियार रखने का एक गैरकानूनी मामला दर्ज किया गया है। बुधवार को उसकी जमानत सुनवाई हुई, जहां एक जज ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया।

Share:

Comments

Leave a comment