आईएलटी20 और एमसीसी की साझेदारी, पांचवें सीजन में मिलेगा स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवॉर्ड
ILT20 और MCC ने हाथ मिलाया है। टूर्नामेंट के पांचवें सीजन में खेल की गरिमा बनाए रखने वालों को मिलेगा स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवॉर्ड।

दुबई (यूएई): इंटरनेशनल लीग T20 (ILT20) ने खेल की गरिमा और मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के साथ हाथ मिलाया है। इस साझेदारी के तहत टूर्नामेंट के पांचवें सीजन में 'स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवॉर्ड' दिया जाएगा। यह पुरस्कार टूर्नामेंट के अंत में उस टीम या खिलाड़ी को मिलेगा, जिसने खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण पेश किया होगा।
MCC दुनिया भर में क्रिकेट के नियमों के संरक्षक के रूप में खेल के मूल्यों का प्रचार करता है। क्लब का लक्ष्य खिलाड़ियों को खेल की भावना के प्रति जागरूक करना और इसे व्यापक स्तर पर फैलाना है। पिछले साल इस तरह का पहला पुरस्कार देने के बाद, MCC ने इस साल ICC यूरोप के तीन पुरुष सब रीजनल वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन इवेंट्स में भी अवॉर्ड पेश किए थे।
ILT20 का पांचवां सीजन 21 नवंबर से शुरू होकर 20 दिसंबर तक चलेगा, जिस दिन फाइनल मुकाबला होगा। इस लीग की छह टीमें अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम और शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में अपनी भिड़ंत करेंगी। इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे।
डेजर्ट वाइपर्स इस सीजन में डिफेंडिंग चैंपियन हैं। इससे पहले गल्फ जायंट्स (सीजन 1), MI एमिरेट्स (सीजन 2) और दुबई कैपिटल्स (सीजन 3) खिताब जीत चुके हैं। टूर्नामेंट में अबू धाबी नाइट राइडर्स और शारजाह वॉरियर्स भी शामिल हैं।
इस साल की लीग में बाबर आजम, राशिद खान, निकोलस पूरन, सुनील नरेन, डेविड मिलर, लियाम लिविंगस्टोन, हेनरिक क्लासेन, फाफ डु प्लेसिस, फिल साल्ट, एलेक्स हेल्स, टिम सीफर्ट, फखर जमान और उस्मान तारिक जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे खेलते नजर आएंगे।
MCC के क्रिकेट और ऑपरेशंस डायरेक्टर रॉब लिंच ने कहा कि MCC फ्रेंचाइजी लीगों को खेल को सही तरीके से खेलने का मानक मानता है, जहां कड़ी प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ निष्पक्षता भी हो। उन्होंने बताया कि जब अंतरराष्ट्रीय साथी खिलाड़ी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में आमने-सामने होते हैं, तो ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों के व्यवहार में सुधार लाने का जरिया बन सकते हैं।
ILT20 के अंतरिम मुख्य परिचालन अधिकारी माइक फोर्डहम ने कहा कि वे क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित क्लब MCC के साथ साझेदारी करके खुश हैं। उन्होंने बताया कि DP वर्ल्ड ILT20 ने दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों और वैश्विक दर्शकों को आकर्षित कर अपनी पहचान बनाई है। फोर्डहम के मुताबिक, इस सीजन में 19 क्रिकेट देशों के खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो इसे सबसे अंतरराष्ट्रीय T20 लीग बनाता है।