तिलक वर्मा होंगे इंडिया ए के कप्तान, दोहा में 19 नवंबर से राइजिंग स्टार्स एशिया कप
बीसीसीआई ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय इंडिया ए टीम का ऐलान किया है। तिलक वर्मा टीम की कप्तानी करेंगे।

मुंबई (महाराष्ट्र): बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने आगामी एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय इंडिया ए टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर के दोहा में खेला जाएगा। टीम की कमान बल्लेबाज तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रजत पाटीदार को उपकप्तान बनाया गया है।
भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह जैसे कई प्रमुख युवा खिलाड़ियों को जगह मिली है। विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है।
ऑलराउंडर विभाग में सूर्यंश शेड्गे, शहबाज अहमद, विपराज निगम, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन को मौका मिला है। वहीं, तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान संभालेंगे।
बीसीसीआई ने एक बयान में बताया कि इंडिया ए को ग्रुप बी में रखा गया है, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नेपाल और पाकिस्तान ए शामिल हैं। वहीं ग्रुप ए में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए और हांगकांग, चीन की टीमें हैं।
टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, दोनों ग्रुपों की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल मैच रविवार, 29 नवंबर को होगा।