भारत और सऊदी अरब ने बिजली ग्रिड को जोड़ने की पहल पर की चर्चा, सऊदी में भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह

नई दिल्ली: भारत और सऊदी अरब ने दोनों देशों के बीच बिजली ग्रिड को जोड़ने की पहल की प्रगति की समीक्षा की है। बिजली मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल और सऊदी अरब के ऊर्जा सहायक मंत्री नासिर अल-काहतानी के बीच एक वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें बिजली क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर बात की गई।
बैठक के दौरान प्रस्तावित इलेक्ट्रिकल इंटरकनेक्शन पर मुख्य रूप से चर्चा हुई, जिससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग गहरा होने की संभावना है। दोनों पक्षों ने इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर संपर्क बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही तकनीकी सहयोग, ज्ञान साझा करने और बेहतर तौर-तरीकों के आदान-प्रदान जैसे अन्य क्षेत्रों में भी सहयोग की संभावनाएं तलाशी गईं।
सऊदी अरब ने एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (EHV) ट्रांसमिशन सिस्टम और ग्रिड में रिन्यूएबल एनर्जी की बढ़ती हिस्सेदारी से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों पर सहयोग दिखाने में रुचि जताई है। इसके अलावा डेटा सेंटरों की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने की रणनीतियों और ग्रिड कोड को अपडेट करने पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने बिजली क्षेत्र में अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए रचनात्मक संवाद जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
दूसरी तरफ, भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि हवाई हमले की स्थिति में लोग तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थान या खिड़कियों से दूर कमरे के अंदर चले जाएं। दूतावास ने भारतीयों से अपील की है कि वे मौजूदा घटनाओं से जुड़ी कोई भी फोटो, वीडियो या जानकारी रिकॉर्ड न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें।
दूतावास के अधिकारी उन अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं जहाँ भारतीय नागरिक इलाज करा रहे हैं और उनके परिवारों के साथ लगातार संपर्क में हैं। सऊदी अरब के रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें निलंबित हैं, जबकि दम्माम, जेद्दा और मदीना हवाई अड्डे चालू हैं।
भारतीय एयरलाइंस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाओं को फिलहाल रोक दिया है। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो ने 24 अक्टूबर तक और अकासा एयर ने 27 अक्टूबर तक सभी रूटों पर उड़ानें बंद रखी हैं। दूतावास ने बताया कि यात्री सऊदीया, फ्लाईनास और फ्लाईडील जैसी एयरलाइंस के जरिए यात्रा कर सकते हैं।
जिन लोगों को तुरंत भारत लौटना है, उन्हें वीजा मिलने की स्थिति में बहरीन, कुवैत या कतर के रास्ते जाने का सुझाव दिया गया है। उमराह की यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को उड़ानों में संभावित देरी और रद्दीकरण के प्रति सचेत रहने और सहायता के लिए 24x7 कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया है।