ओमान में भारतीय प्रवासियों के लिए बड़ी राहत, मस्कट स्थित दूतावास आयोजित करेगा ओपन हाउस.

ओमान में रहने वाले भारतीय प्रवासियों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए भारतीय दूतावास ने एक अहम कदम उठाया है। मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने घोषणा की है कि आने वाली 25 सितंबर 2026 को एक विशेष ओपन हाउस का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 5:00 बजे से दूतावास परिसर में शुरू होगा। इस सत्र की अध्यक्षता खुद ओमान में भारत के राजदूत प्रशांत पीसे करेंगे, जिससे प्रवासियों को अपनी बात सीधे उच्च स्तर पर रखने का बड़ा अवसर मिलेगा।
कौन-सी समस्याओं पर होगी चर्चा
विदेश में रहने वाले कामगारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिन्हें ध्यान में रखते हुए इस बैठक का एजेंडा तैयार किया गया है। इस ओपन हाउस में मुख्य रूप से वेतन बकाया, लेबर डिस्प्यूट यानी श्रम विवाद, मेडिकल यानी चिकित्सीय सहायता, छुट्टी, रहने की व्यवस्था, उत्पीड़न, ओवरटाइम, पुलिस या अदालत के मामले, और पासपोर्ट तथा कांसुलर सेवाओं से जुड़ी शिकायतों पर खुलकर बातचीत की जाएगी। भारतीय नागरिक बिना किसी पूर्व अपॉइंटमेंट के सीधे कम्युनिटी वेलफेयर और कांसुलर अधिकारियों से मिल सकते हैं और अपनी समस्या साझा कर सकते हैं।
किन बातों का रखना होगा ध्यान
दूतावास ने स्पष्ट किया है कि इस ओपन हाउस के दौरान पासपोर्ट, वीजा या अटेस्टेशन जैसे रोजमर्रा के काम के काउंटर बंद रहेंगे। इसलिए जिन लोगों को केवल रूटीन सेवाएं चाहिए, वे सामान्य समय-सारणी की जांच करके ही आएं। इसके अलावा, अधिकारियों के पास अपनी समस्या लेकर जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ जरूरी दस्तावेज जैसे कि रोजगार अनुबंध यानी एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट, रेजिडेंट कार्ड यानी इकामा की डिटेल, पासपोर्ट की कॉपी, सैलरी स्लिप, बैंक स्टेटमेंट और यदि कोई पुरानी लिखापढ़ी हो तो उसे साथ जरूर लाएं। इन दस्तावेजों के होने से अधिकारियों को मामले को समझने और उस पर तेजी से कार्रवाई करने में आसानी होगी।
कानूनी मामलों पर दूतावास की सीमाएं
यह जानना बहुत जरूरी है कि दूतावास केवल कल्याणकारी मार्गदर्शन प्रदान करता है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करता है। लेबर, सिविल या क्रिमिनल मामलों का अंतिम कानूनी फैसला ओमान की अदालतों और श्रम मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में ही आता है। जो प्रवासी इस ओपन हाउस की तारीख यानी 25 सितंबर तक इंतजार नहीं कर सकते और जिन्हें किसी आपातकालीन स्थिति में मदद की जरूरत है, उनके लिए दूतावास ने 24/7 यानी चौबीसो घंटे सहायता सेवा उपलब्ध कराई है। मदद के लिए कम्युनिटी वेलफेयर के टोल-फ्री नंबर 80071234 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा अन्य नंबरों जैसे 79964455 और 97256983, कांसुलर व्हाट्सएप नंबर +968 98282270, घरेलू कामगारों की पूछताछ के लिए व्हाट्सएप नंबर 79173615, और सामान्य नंबर +968 24684500 पर भी संपर्क साधा जा सकता है। ईमेल के जरिए संपर्क करने के लिए [email protected] और [email protected] का उपयोग किया जा सकता है। इस बारे में अधिक जानकारी और आधिकारिक अपडेट के लिए आप Embassy of India, Muscat की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।