सऊदी अरब में सुरक्षा हालात पर भारतीय दूतावास ने नागरिकों को घर के अंदर रहने की सलाह दी

रियाद (सऊदी अरब): सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास, रियाद ने विस्तृत सुरक्षा एडवाइज़री जारी की है। दूतावास ने लोगों से शांत और सतर्क रहने, सुरक्षा को प्राथमिकता देने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।
एडवाइज़री के मुताबिक हवाई हमले की स्थिति में भारतीय नागरिक घर के अंदर रहें। दूतावास ने एक्स पर साझा की गई इस सलाह में यह भी कहा कि घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरें न तो आगे भेजें और न ही दोबारा पोस्ट करें, क्योंकि ऑनलाइन कई जानकारियां सत्यापित नहीं होतीं।
दूतावास ने बताया कि उसकी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। रियाद स्थित दूतावास, जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास और VFS के जरिए चल रही पासपोर्ट और अटेस्टेशन सेवाएं भी जारी हैं।
दूतावास के मुताबिक 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले मोहम्मद यूसुफ अली के अंतिम संस्कार की रस्में 12 अक्टूबर को रियाद में उनके परिवार की इच्छा के अनुसार पूरी हुईं। इसमें राजदूत और दूतावास के अधिकारी शामिल हुए।
घायल भारतीय नागरिकों की स्थिति के बारे में दूतावास ने बताया कि 4 लोग आईसीयू में हैं, 4 का इलाज सामान्य वार्ड में चल रहा है और 3 को छुट्टी दी जा चुकी है। दूतावास के अधिकारी अस्पतालों में जाकर इलाज करा रहे लोगों से मिल रहे हैं और उनके परिवारों के संपर्क में हैं।
यात्रा पर असर की बात करें तो सऊदी नागर विमानन प्राधिकरण (GACA) ने रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन निलंबित करने की घोषणा की है। दम्माम, जेद्दा और मदीना जैसे दूसरे बड़े हवाई अड्डों पर उड़ानें जारी हैं, लेकिन कुछ व्यवधान के साथ।
भारतीय एयरलाइंस ने सऊदी अरब की सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद, दम्माम और जेद्दा की उड़ानें 17 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। अकासा एयर ने रियाद और जेद्दा और इंडिगो ने रियाद, दम्माम, जेद्दा और मदीना की उड़ानें 17 अक्टूबर तक स्थगित की हैं।
विदेशी एयरलाइंस की सीमित उड़ानें चल रही हैं। दूतावास ने बताया कि सऊदिया की दम्माम, जेद्दा और मदीना से निर्धारित उड़ानें जारी हैं, जबकि फ्लाईनास दम्माम से लखनऊ के बीच उड़ान चला रही है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे संबंधित एयरलाइन से लगातार संपर्क में रहें और अपनी उड़ान की ताज़ा स्थिति जांच लें।
जिन भारतीयों को तुरंत देश छोड़ना है, उनके लिए दूतावास ने पड़ोसी खाड़ी देशों, खासकर कतर और बहरीन के हवाई अड्डों से उड़ान लेने का विकल्प बताया है। हालांकि इसके लिए संबंधित देश के नियमों के अनुसार वीज़ा लेना होगा। दूतावास ने यह भी बताया कि सऊदी अधिकारियों ने यात्रा में बाधा के कारण वीज़ा अवधि बढ़ाने पर अस्थायी राहत देने की पेशकश की है।