सऊदी अरब में हमलों के बीच भारतीय राजदूत ने भारतीयों से शांत रहने और स्थानीय नियमों का पालन करने की अपील की

Mohd. Irfan15 October 20262 min read0 viewsSaudi
सऊदी अरब में हमलों के बीच भारतीय राजदूत ने भारतीयों से शांत रहने और स्थानीय नियमों का पालन करने की अपील की

रियाद (सऊदी अरब): सऊदी अरब में हो रहे हवाई हमलों के बीच भारतीय राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों से घबराने के बजाय शांत रहने की अपील की है। उन्होंने भारतीयों को स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और हमलों के दौरान घरों के अंदर रहने की सलाह दी है।

राजदूत विपुल ने भारतीय दूतावास के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत ने सऊदी अरब में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की है और भारत वहां के लोगों और नेतृत्व के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है। उन्होंने हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राजदूत ने बताया कि 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। दूतावास के अधिकारी पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं और घायलों की मदद के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिजनों से तालमेल बिठा रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, घायलों में से दो लोग आईसीयू और एक एचडीयू में भर्ती है, जबकि तीन सामान्य वार्ड में हैं और एक व्यक्ति को छुट्टी दे दी गई है।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin

हवाई यात्राओं पर असर के बारे में बताते हुए राजदूत ने कहा कि रियाद एयरपोर्ट बंद रहने के कारण भारतीय एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। हालांकि, सऊदी एयरलाइंस जैसे कि सौदिया, फ्लाईनास और फ्लाईडील काम कर रही हैं। उन्होंने यात्रियों को पड़ोसी खाड़ी देशों के जरिए उड़ानों का विकल्प तलाशने की सलाह दी।

उमराह यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जो सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं। भारत से सऊदी अरब जाने वाले लोगों को भी यात्रा में संभावित रुकावटों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

दूतावास द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रियाद पर उड़ानें बंद हैं, जबकि दम्माम, जेद्दा और मदीना एयरपोर्ट पर कुछ रुकावटों के साथ काम चल रहा है। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और इंडिगो ने 17 अक्टूबर 2026 तक सऊदी अरब की उड़ानें निलंबित रखी हैं।

दूतावास ने यह भी चेतावनी दी है कि मिसाइलों और ड्रोन का मुकाबला करने या उनके गिरने वाली जगहों की वीडियो बनाना, उन्हें प्रकाशित करना या साझा करना स्थानीय नियमों के तहत कानूनी जोखिम पैदा कर सकता है।

Share:

Comments

Leave a comment