UAE में भारतीय प्रवासी की मौत, सैकड़ो लोगो का उमड़ा हुजूम
UAE में भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 13 वर्षीय भारतीय बच्चे की अंतिम विदाई में सैकड़ों लोग उमड़े। हादसे में कई अन्य भारतीयों की भी मौत हुई।

फुजैराह (UAE): संयुक्त अरब अमीरात में एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हुए 13 वर्षीय भारतीय बच्चे आतिफ मोहम्मद इमरान मंसूर की अंतिम विदाई में सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार शाम को फुजैराह के अल शारया कब्रिस्तान में आतिफ को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अल-महत्ता की अल-जहरा मस्जिद में ईशा की नमाज के बाद जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय अमीराती नागरिकों और भारतीय प्रवासियों ने शिरकत की।
सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जब आतिफ को दफनाया जा रहा था, तब उसके माता-पिता और 15 वर्षीय बहन सरमीन इमरान मंसूर अस्पताल में भर्ती थे और उन्हें अपने बेटे की मौत की जानकारी तक नहीं थी। आतिफ के परिवार में केवल दो चाचा ही भारत से वहां पहुंच पाए थे। इस अंतिम संस्कार का समन्वय फुजैराह के इंडियन सोशल क्लब के सामाजिक कार्यकर्ताओं और हाशिम थंगल ने किया।
जानकारी के मुताबिक, गुजरात का रहने वाला यह परिवार 6 नवंबर को पर्यटक के तौर पर UAE आया था। 12 नवंबर को जब वे फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भारत लौटने जा रहे थे, तब शेख खलीफा बिन जायद रोड (E84) पर उनकी गाड़ी दो सिलसिलेवार हादसों की चपेट में आ गई। इस भीषण टक्कर में कुल 23 वाहन शामिल थे, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 10 अमीराती और 4 भारतीय नागरिक शामिल थे, जबकि 7 भारतीयों समेत कुल 30 लोग घायल हुए।
हादसे की शुरुआत तब हुई जब एक वाहन खड़ी ट्रक से टकराया, जिसके बाद शिपिंग कंटेनर ले जा रहे एक अन्य ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंद दिया और पलट गया। UAE आंतरिक मंत्रालय ने मृतकों की राष्ट्रीयता की पुष्टि की है। इस हादसे में आतिफ के अलावा केरल के मलप्पुरम के रहने वाले 21 वर्षीय जुड़वां भाई-बहन मोहम्मद अस्मिल सिद्दीकी और मिस्ना जुबिन सिद्दीकी और उनके तीन साल के भतीजे मोहम्मद फैज की भी मौत हो गई। इन तीनों को शुक्रवार को फुजैराह में ही दफनाया गया था।
दुबई स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारी सहायता कार्यों में जुटे हैं और भारतीय राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने इस दौरान सहयोग के लिए UAE नेतृत्व का आभार जताया है। वहीं, परिवार के पाकिस्तानी ड्राइवर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। UAE पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और तकनीकी जांच व फॉरेंसिक टेस्ट के साथ औपचारिक जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना ने प्रवासी समुदाय को झकझोर कर रख दिया है, यही वजह थी कि आतिफ की अंतिम विदाई में सैकड़ों अनजान लोग उसकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए उमड़ पड़े।